
NTN REPORT// बिलासपुर, 29 नवंबर 2025। थाना कोनी पुलिस ने नहाती हुई एक महिला को देखकर गलत नियत से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में अपराध क्रमांक 573/25 धारा 74, 77, 329(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी : रुपेश सूर्यवंशी, पिता शगुन सूर्यवंशी, उम्र 35 वर्ष निवासी—ग्राम जलसो, थाना कोनी, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) का रहने वाला है।
घटना का विवरण : प्रार्थीया 27 नवंबर 2025 को थाना कोनी पहुंची और लिखित रिपोर्ट में बताया कि वह अपने घर, ग्राम जलसो स्थित नहानी में नहा रही थी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी रुपेश सूर्यवंशी उसे नहाते हुए देख रहा था। महिला को घर में अकेले पाकर आरोपी गलत इरादे से उसके घर में घुस आया और जबरदस्ती उसे छूने व छेड़छाड़ करने लगा।
महिला किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर बाहर निकली और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के साथ तत्काल थाना कोनी पहुंचकर मामला दर्ज कराया गया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की तथा घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। निर्देश मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, किंतु घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। तथ्य स्पष्ट होने पर आरोपी रुपेश सूर्यवंशी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। थाना कोनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में राहत का माहौल है।