
जांजगीर-चांपा में बड़ी कार्रवाई: कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर अवैध धान पर कसा शिकंजा 7 स्थानों में संयुक्त टीम की छापेमारी, 375 बोरा (150 क्विंटल) धान जप्त
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 29 नवम्बर 2025। अवैध धान खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों-बिचौलियों के परिसरों पर व्यापक छापेमारी की।

बीते दिवस चलाए गए इस अभियान में कुल 7 स्थानों पर सघन जांच और कार्रवाई की गई, जहां 375 बोरा (लगभग 150 क्विंटल) अवैध धान मंडी अधिनियम के तहत जप्त किया गया। टीम ने कोचियों और किराना दुकानों में अवैध रूप से संग्रहित धान को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार किया है।
जप्त धान का विवरण इस प्रकार है— लाल साहू, लटिया – 50 बोरा , राजेंद्र साहू, पनगांव – 50 बोरा , उमेश कुमार, कटनई – 52 बोरा, नारायण प्रसाद, सांकर – 35 बोरा , भुनेश्वर किराना, पेण्ड्री – 38 बोरा , सोनी किराना, किरीत – 75 बोरा , फर्म श्यामलाल, अवरीद – 75 बोरा
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि जिले में अवैध धान की गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी अवैध खरीदी-बिक्री की सूचना मिले, वहां तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि समर्थन मूल्य पर होने वाली वैध धान खरीदी प्रक्रिया प्रभावित न हो।
जिले में प्रशासनिक सतर्कता और सख्त निगरानी के चलते अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रोकथाम की दिशा में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित हो रही है।