
NTN NEWS REPORT// 17 नवम्बर 2025।
जिला सुकमा में भ्रष्टाचार पर लगाम कसते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल को 30,000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई उनके छिंदगढ़ स्थित आवास में की गई।
शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई
प्रार्थी मनीराम कश्यप, सचिव, ग्राम पंचायत चिरउवाड़ा (जनपद पंचायत छिंदगढ़) ने ACB, जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023-24 में जनपद पंचायत छिंदगढ़ के लिए 6 लाख रुपए की लागत से पुलिया निर्माण स्वीकृत हुआ था। निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, परंतु उप अभियंता प्रदीप कुमार बघेल ने मूल्यांकन रिपोर्ट जारी करने के एवज में 30,000 रुपए रिश्वत की मांग की थी।
प्रार्थी रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी ने 30,000 रुपए लेने की सहमति जताई और साथ ही पुराने भवन के मूल्यांकन हेतु 40,000 रुपए अतिरिक्त कमीशन की मांग भी कर दी।
रंगे हाथों धराया उप अभियंता
ACB ने आज 17.11.2025 को ट्रैप बिछाकर आरोपी उप अभियंता को उनके घर पर प्रार्थी से 30,000 रुपए की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। ट्रैप के दौरान तलाशी में उनके घर से चल-अचल संपत्ति तथा निवेश से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
कानूनी कार्रवाई जारी
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। ACB इस मामले में विस्तृत जांच कर रही है।
यह कार्रवाई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।