
नई पहल: अब जिला अस्पताल में ही बनेगा शिशुओं का आधार कार्ड
आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए नागरिकों को बार-बार नहीं दौड़ना पड़ेगा
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। शिशुओं का आधार कार्ड बनवाने में आ रही परेशानियां अब खत्म होने जा रही हैं। जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार से आधार कार्ड बनाने की सुविधा प्रारंभ हो गई है। इससे अभिभावकों को अब अपने नवजात या पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए पोस्ट ऑफिस या अन्य केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सुनील साहू ने बताया कि जिला अस्पताल में स्थापित यह नया आधार सेवा केंद्र नागरिकों को एक ही परिसर में आधार से संबंधित सभी सेवाएं उपलब्ध कराएगा। अब यहां नए आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ पुराने कार्ड में संशोधन और अद्यतन की सुविधाएं भी मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए यह सुविधा निःशुल्क रखी गई है, जबकि सामान्य नागरिकों को संशोधन हेतु अधिकतम 50 रुपये शुल्क देना होगा। केंद्र में आधुनिक बायोमेट्रिक उपकरण और ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग सिस्टम की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग भीड़भाड़ से बचते हुए अपने कार्य आसानी से कर सकेंगे।
आधार अपडेट की भी सुविधा
केंद्र में नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल, फोटोग्राफ, फिंगरप्रिंट और आईरिस सहित सभी जानकारियों के अपडेट की सुविधा उपलब्ध होगी। पांच वर्ष की आयु पूरी होने पर बच्चों का पहला बायोमेट्रिक अपडेट और 15 वर्ष की आयु पर दूसरा बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रहेगा। इससे भविष्य में किसी भी सरकारी योजना या पहचान प्रक्रिया में परेशानी नहीं होगी।
बच्चों के आधार बनवाना होगा आसान
पहले बच्चों का आधार बनवाने के लिए अभिभावकों को पोस्ट ऑफिस या अन्य केंद्रों तक जाना पड़ता था। कई बार नेटवर्क या तकनीकी कारणों से भी दिक्कतें आती थीं। अब जिला प्रशासन द्वारा इस नई सुविधा की शुरुआत के साथ ही यह समस्या खत्म हो जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि आगे चलकर यह सुविधा अन्य शासकीय कार्यालयों में भी विस्तारित की जाएगी, जिससे नागरिकों को अपने निकटतम परिसर में ही आधार संबंधी कार्य निपटाने में सुविधा होगी।