
सबरिया समाज को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल — पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) का अभिनव प्रयास…
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा: जिले में सामाजिक पुलिसिंग के तहत पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) द्वारा समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के सबरिया समाज के लगभग 150 लोगों को स्वरोजगार हेतु प्रेरित करने के लिए एक विशेष पहल की जा रही है।
आगामी 11 अक्टूबर 2025 को जिला रायगढ़ के लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम कोड़केल में आयोजित गेंदा महोत्सव कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा जिले के सबरिया समाज के लोगों को शामिल कराया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को गेंदा खेती के बारे में विस्तृत जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सबरिया समाज के लोगों को पारंपरिक अवैध कार्यों से दूर कर कृषि आधारित रोजगार की ओर अग्रसर करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।
कार्यक्रम में विद्याधर पटेल, जिन्हें स्थानीय स्तर पर “गेंदा वाला” के नाम से जाना जाता है, द्वारा गेंदा खेती के व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। श्री पटेल लंबे समय से बड़े पैमाने पर गेंदा उत्पादन कर स्वरोजगार का उदाहरण प्रस्तुत कर चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय का कहना है कि –“यदि समाज का कमजोर वर्ग आत्मनिर्भर बनेगा तो वह किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल नहीं होगा। पुलिस का प्रयास सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है।”
सबरिया समाज के लोग अब इस पहल से प्रेरित होकर अवैध शराब बिक्री जैसे कार्यों से दूरी बनाते हुए स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। पुलिस की यह पहल अब जिले में सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल बनती जा रही है।