
सुशासन तिहार : जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे 200 आवेदन, विभिन्न विभागों ने सुनी आमजन की समस्याएं
वार्ड 11 से 25 तक के नागरिकों के लिए नगर पालिका जांजगीर-नैला ने लगाया शिविर
NTN REPORT// जांजगीर-नैला, 13 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश एवं कलेक्टर जांजगीर-चांपा के आदेशानुसार सुशासन तिहार के अंतर्गत बुधवार को नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला द्वारा वार्ड क्रमांक 11 से 25 तक के नागरिकों के लिए जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें संबंधित विभागों के समक्ष रखीं। कुल 200 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दी गई है।

लोक निर्माण, सफाई और विद्युत विभाग से जुड़े सर्वाधिक आवेदन
शिविर में प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक 70 आवेदन लोक निर्माण विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा सफाई व्यवस्था से जुड़े 30 आवेदन, विद्युत विभाग से संबंधित 20 आवेदन, राजस्व विभाग के 20 आवेदन तथा राशन कार्ड से जुड़े 15 आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित 5 आवेदन, पेंशन संबंधी 5 आवेदन, शिक्षा विभाग से जुड़े 2 आवेदन तथा अन्य समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 33 आवेदन नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए।
निर्धारित समय-सीमा में समाधान के निर्देश
नगर पालिका प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। शिविर के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही भी की गई।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफल रहा आयोजन
शिविर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी विक्रम भगत, तहसीलदार मरावी, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी उप अभियंता तारकेश्वर नायक एवं उप अभियंता मोनिका प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम का संचालन किया गया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के कर्मचारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। उद्यान विभाग से अजय सिंह, समाज कल्याण विभाग से रवि कुमार देवांगन, कृषि विभाग से एस.के. पुरी एवं शिवन शर्मा, आबकारी विभाग से गीता कमल, क्रीड़ा विभाग से राधिका पटेल, खाद्य शाखा से धनंजय, पुलिस विभाग से रजितलाल यादव, श्रम विभाग से मिलेश प्रताप सिंह तथा लोक निर्माण विभाग से प्रकाश लदेर उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग से आलोक दुबे, श्रद्धा दुबे, प्रीति पटेल एवं डॉ. शिल्पा कुर्रे, आयुष विभाग से डॉ. नीता शर्मा एवं डॉ. अभिषेक, सीएसपीडीसीएल से इंजीनियर तरुण कुमार साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्वेता तिवारी तथा राजस्व विभाग से धनेंद्र सिंह राठौड़ एवं लक्ष्मी प्रसाद तिवारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शिविर में सहभागिता निभाई।
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके सहयोग एवं सहभागिता से शिविर का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर शासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।