Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जिला अस्पताल की शिकायतों पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन: राज्य स्तरीय जांच समिति और अपर कलेक्टर करेंगे गहन जांच

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 26 जुलाई 2026। जिला चिकित्सालय जांजगीर-चांपा में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण तथा जीवनदीप समिति के अंतर्गत की गई नियुक्तियों को लेकर प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अपर कलेक्टर को विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रतीकात्मक एआई तस्वीर

कलेक्टर के निर्देशानुसार जांच के दौरान प्रकरण से संबंधित सभी अभिलेखों, दस्तावेजों एवं आवश्यक रिकॉर्ड का सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा। जांच में यह भी देखा जाएगा कि परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि का वितरण निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप किया गया या नहीं तथा जीवनदीप समिति के अंतर्गत की गई नियुक्तियां शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार की गई हैं अथवा नहीं।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए। यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नियमों का उल्लंघन अथवा प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य स्तर पर भी अलग से जांच समिति का गठन किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य स्तरीय जांच समिति का दल 27 जुलाई 2026 को प्रातः 10:30 बजे जांजगीर-चांपा पहुंचेगा और जिला चिकित्सालय से जुड़े पूरे प्रकरण की जांच करेगा। राज्य स्तरीय टीम संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार अधिकारियों एवं संबंधित पक्षों से भी जानकारी प्राप्त करेगी।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को शिकायतों के निष्पक्ष परीक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायतों में लगाए गए आरोप कितने सही हैं तथा आगे किस प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!