
जांजगीर में 16वीं छत्तीसगढ़ सीनियर स्टेट नेटबॉल प्रतियोगिता का आगाज आज से
17 जिलों के 440 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
NTN REPORT// जांजगीर-चाम्पा। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ एवं नेटबॉल एसोसिएशन जांजगीर-चाम्पा के संयुक्त तत्वावधान में 13 जून 2026 से जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में दो दिवसीय 16वीं छत्तीसगढ़ सीनियर स्टेट नेटबॉल प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आयोजन किया जा रहा है। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों से आए लगभग 440 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, गरियाबंद, सक्ती, कांकेर, सरगुजा, बलौदा बाजार-भाटापारा, मेजबान जांजगीर-चाम्पा, जशपुर, मुंगेली, राजनांदगांव, कोरबा, बेमेतरा, रायपुर, धमतरी और सूरजपुर शामिल हैं।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ करीब 56 कोच, मैनेजर और तकनीकी अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। आयोजन को लेकर खेल मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
आज शाम 6 बजे होगा प्रतियोगिता का उद्घाटन
प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ 13 जून को शाम 6 बजे हाई स्कूल मैदान जांजगीर में होगा। उद्घाटन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढेवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, जिला पंचायत सदस्य लोकेश राठौर एवं खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग जांजगीर-चाम्पा सुब्रत प्रधान सहित अन्य अतिथिगण मौजूद रहेंगे।
आयोजकों ने जिले के खेल प्रेमियों और नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुनी जाएगी छत्तीसगढ़ की टीम
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ की संभावित टीम का चयन किया जाएगा।
इसके बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें अंतिम रूप से 12 पुरुष और 12 महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। यही खिलाड़ी आगामी अगस्त माह में नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित होने वाली 44वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी खेलप्रेमियों से सहयोग और सहभागिता की अपील की है।