Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपाराजनीतिस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

“जो कहा, वह किया… और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया” जनादेश परब में केंद्र और राज्य नेतृत्व का संकल्प — छत्तीसगढ़ विकास की नई इबारत

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में जनादेश परब का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंच से सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की दिशा को स्पष्ट करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने “जो कहा, वह किया और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया।”

वंदे मातरम् और राज्यगीत के साथ आरंभ हुए इस भव्य आयोजन में जनविश्वास, सुशासन और निरंतर विकास के संकल्प को दोहराया गया। हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

केंद्र सरकार ने गिनाई उपलब्धियां, बताया दो वर्षों का रिपोर्ट कार्ड : केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के हित में संवेदनशील और परिणामकारी निर्णय लिए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार के गठन के पहले महीने में किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया, जबकि बीते दो वर्षों में 1.25 लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष अंतरण किया गया, जो अन्नदाताओं के सम्मान का प्रमाण है।
भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता प्रदान कर उनकी सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया गया।

युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया, लोक सेवा आयोग में पारदर्शिता, नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना और आईटीआई के आधुनिकीकरण को उन्होंने “भविष्य निर्माण की मजबूत नींव” बताया। महिला, आदिवासी और गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता महिलाओं के स्वावलंबन के लिए महतारी वंदन योजना और महतारी सदन, पीएम जनमन योजना के तहत 70 लाख परिवारों को लाभ तथा धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से आदिवासी समाज के सशक्तिकरण को सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक बताया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 22 गुना बढ़ा है, 32 अमृत स्टेशन वर्ल्ड क्लास मानकों पर विकसित हो रहे हैं और आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन, पीएम किसान जैसी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय: हर वर्ग तक विकास पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, चरण पादुका योजना सहित अनेक योजनाओं से विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि नक्सलवाद की कमर तोड़ने की दिशा में ठोस प्रगति हुई है। सुरक्षा, पुनर्वास और विकास की समन्वित रणनीति से नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने विजन डॉक्यूमेंट 2047 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य संसाधन-समृद्ध छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राज्य बनाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को अवसरों से भरपूर भविष्य मिल सके।

उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने गिनाई विकास की उपलब्धियां
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जांजगीर-चांपा में जनादेश परब का आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार बनने के बाद 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। वित्त मंत्री और प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सरकार ने लोकतंत्र, जनविश्वास और सुशासन को मजबूत किया है तथा विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से विकास के नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं।

“सेवा के 2 साल” पुस्तक और रिपोर्ट कार्ड का विमोचन
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड और “सेवा के 2 साल” पुस्तक का विमोचन किया।

जांजगीर-चांपा की विशिष्ट पहचान को दर्शाते हुए अतिथियों का कोसा और कांसा भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया गया। दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनियों का अवलोकन, हितग्राहियों से सीधा संवाद
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, ऊर्जा और सहकारिता विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित अनेक मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनादेश परब ने स्पष्ट कर दिया कि छत्तीसगढ़ आज “निरंतर सेवा और निरंतर विकास” के सशक्त मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!