Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई रफ्तार जिला चिकित्सालय जांजगीर-चांपा में नई ओपीडी और अत्याधुनिक एनआईसीयू का शुभारंभ

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 22 दिसम्बर 2025।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोमवार को जिला चिकित्सालय जांजगीर-चांपा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, उपचार व्यवस्था तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने जिला चिकित्सालय में नवनिर्मित विशाल ओपीडी हॉल तथा नवजात शिशुओं के बेहतर एवं सुरक्षित उपचार के लिए स्थापित 10 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक एनआईसीयू (नवजात गहन चिकित्सा इकाई) का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एनआईसीयू की सुविधा शुरू होने से अब जिले के गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं को क्रिटिकल केयर के लिए बाहर रेफर नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय पर उपचार संभव हो सकेगा और शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जीवनदीप समिति के माध्यम से स्वीकृत विभिन्न विकास एवं सुविधा संबंधी कार्यों की जानकारी ली और कलेक्टर जन्मेजय मोहबे द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जीवनदीप समिति से समयबद्ध स्वीकृतियाँ देना एक सराहनीय पहल है, जिससे जिला चिकित्सालय की सेवाएं लगातार सुदृढ़ हो रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक संजीव झा, सहायक संचालक डॉ. सुरेंद्र पाम्भोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.के. मरकाम, सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक उत्कर्ष तिवारी, जिला अस्पताल प्रबंधक अंकित ताम्रकार, आरएमओ डॉ. संदीप साहू सहित जिला चिकित्सालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!