वायरल ऑडियो ने खोली अफसरशाही की परतें: क्या छोटे कर्मचारियों को मिलेगा सम्मान और न्याय?
वायरल ऑडियो मामले में आज आ सकती है जांच रिपोर्ट, पूरे जिले की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा जिले में सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह से जुड़ा कथित वायरल ऑडियो इन दिनों पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया में सामने आए इस ऑडियो में एक छोटे कर्मचारी के साथ कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज, धमकी और दबावपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किए जाने के आरोप लगे हैं। मामले ने सिर्फ एक अधिकारी के व्यवहार पर सवाल नहीं खड़े किए हैं, बल्कि सरकारी दफ्तरों में छोटे कर्मचारियों के साथ होने वाले कथित दुर्व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना की गंभीर तस्वीर भी सामने रख दी है।

बताया जा रहा है कि जिस कर्मचारी के साथ कथित अभद्रता की गई, वह अन्य स्थान पर प्रतिनियुक्ति में कार्यरत था। आरोप यह भी है कि उसकी सैलरी तक रोक दी गई थी। वायरल ऑडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और अब प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
“छोटे कर्मचारी मजबूरी में सहते हैं अपमान”
सरकारी कार्यालयों में कार्यरत छोटे कर्मचारियों के बीच इस घटना को लेकर गहरी चर्चा है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार बड़े पदों पर बैठे अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से अमर्यादित भाषा में बात करते हैं, लेकिन नौकरी जाने के डर से कर्मचारी आवाज नहीं उठा पाते। परिवार की जिम्मेदारी और रोजगार बचाने की मजबूरी उन्हें अपमान सहने पर विवश कर देती है।
कर्मचारियों और आम लोगों का मानना है कि यह मामला इसलिए सामने आ सका क्योंकि ऑडियो वायरल हो गया। लेकिन ऐसे कई मामले होंगे जो कभी सार्वजनिक नहीं हो पाते और दबकर रह जाते हैं।
कलेक्टर ने लिया संज्ञान, जांच अपर कलेक्टर को सौंपी
मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। कलेक्टर द्वारा पूरे प्रकरण की जांच अपर कलेक्टर को सौंप दी गई है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्या इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी या फिर प्रभाव और पहुंच के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा। जिले के कई कर्मचारी और आम नागरिक यह देखना चाहते हैं कि प्रशासन इस मामले में क्या उदाहरण प्रस्तुत करता है।
“अगर कार्रवाई नहीं हुई तो बढ़ेगा मनोबल”
आमजन का कहना है कि यदि इस तरह के मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तो इससे उन अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा जो अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करते हैं। सरकारी सेवा में अनुशासन और मर्यादा दोनों पक्षों के लिए समान रूप से जरूरी हैं।
लोगों का मानना है कि किसी भी अधिकारी को यह अधिकार नहीं है कि वह अपने मातहत कर्मचारियों के सम्मान को ठेस पहुंचाए या अश्लील भाषा का प्रयोग करे। प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त संदेश देने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी पद और शक्ति के अहंकार में मर्यादा की सीमाएं पार न कर सके।
कलेक्टर ने लिया संज्ञान, एडीएम कर रहे जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जांच अपर कलेक्टर (एडीएम) को सौंप दी है। जांच अधिकारी एडीएम ने बताया कि संबंधित पक्षों के कथन और बयान ले लिए गए हैं तथा आज शाम तक जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी।
एडीएम के इस बयान के बाद अब पूरे जिले की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
पूरे जिले की नजर जांच रिपोर्ट पर
फिलहाल पूरे जिले में इस बात की चर्चा है कि क्या छोटे कर्मचारी को न्याय मिलेगा और क्या आरोपों के घेरे में आए अधिकारी पर ठोस कार्रवाई होगी। यह मामला अब केवल एक वायरल ऑडियो तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह सरकारी दफ्तरों में कार्यसंस्कृति, कर्मचारी सम्मान और प्रशासनिक जवाबदेही का बड़ा मुद्दा बन चुका है।
अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या यह मामला भविष्य में सरकारी कार्यालयों में व्यवहार और अनुशासन को लेकर कोई बड़ा संदेश दे पाएगा।