Advertisment
Advertisment
राजनीति

भाजपा स्थापना दिवस पर जांजगीर-चांपा में पखवाड़े भर होंगे विविध आयोजन, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर स्वच्छता व दीपोत्सव कार्यक्रम

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वर्ष 2026 में स्थापना दिवस को जिलेभर में विशेष उत्साह, भव्यता और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ मनाने की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर जिले के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आमजन से संवाद का सशक्त अवसर बताया है।

पखवाड़े भर चलेंगे विविध कार्यक्रम

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 10 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि, निगम अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में पहुंचकर सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए जाएंगे।

14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम

14 अप्रैल को भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा एवं परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता इस दिन सामाजिक समरसता और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देंगे।

ध्वजारोहण और विचार गोष्ठी का आयोजन

स्थापना दिवस के दिन जिले के सभी पार्टी कार्यालयों और प्रमुख स्थानों पर प्रातःकाल ध्वजारोहण किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ होगी। वरिष्ठ नेता संगठन की विचारधारा, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक सहभागिता की अपील

जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने सभी कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस कार्यक्रम को अधिक से अधिक संख्या में मनाने और प्रत्येक बूथ स्तर तक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह अवसर संगठनात्मक एकता, सेवा भाव और जनसंपर्क को सुदृढ़ करने का है।

भाजपा द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में संगठन को नई ऊर्जा देने और जनता के साथ संवाद को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!