Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

गायत्री प्रज्ञा पीठ केरा रोड जांजगीर में श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न हुआ तुलसी पूजन कार्यक्रम

NTN NEWS REPORT// जांजगीर। गायत्री प्रज्ञा पीठ, केरा रोड जांजगीर में 25 दिसम्बर को परंपरागत श्रद्धा और विधि-विधान के साथ तुलसी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता करते हुए तुलसी माता की पूजा-अर्चना की और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया।

इस अवसर पर श्रीमती चमेली शुक्ला द्वारा उपस्थित महिलाओं को तुलसी पूजन की विधि एवं तुलसी-नामाष्टक का विस्तृत महत्व बताया गया। उन्होंने बताया कि प्रातः स्नानादि के पश्चात स्वच्छ स्थान पर तुलसी के गमले को भूमि से ऊँचे स्थान पर स्थापित कर मंत्रोच्चारण के साथ जल अर्पित करना चाहिए। इसके पश्चात ‘तुलस्यै नमः’ मंत्र के साथ तिलक, अक्षत, पुष्प, वस्त्र एवं प्रसाद अर्पित कर दीप प्रज्वलन एवं आरती की जाती है।

उन्होंने यह भी बताया कि तुलसी माता की 7, 11, 21, 51 अथवा 108 परिक्रमा कर शांत चित्त से भगवत् प्रार्थना, भगवन्नाम या गुरुमंत्र का जप करना अत्यंत पुण्यदायक होता है। तुलसी के समीप प्राणायाम करने से बल, बुद्धि और ओज की वृद्धि होती है। साथ ही तुलसी-पत्र युक्त प्रसाद का वितरण तथा रात्रि 12 बजे तक जागरण कर भजन-कीर्तन, सत्संग और जप करने से भगवद् विश्रांति प्राप्त होती है।

कार्यक्रम में तुलसी-नामाष्टक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि देवर्षि नारद को भगवान नारायण द्वारा बताए गए तुलसी देवी के आठ नाम—वृन्दा, वृन्दावनी, विश्वपावनी, विश्वपूजिता, पुष्पसारा, नंदिनी, तुलसी और कृष्णजीवनी—का पाठ करने से अश्वमेध यज्ञ के समान फल की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। हेमलता यादव द्वारा सभी महिलाओं को तुलसी पौधा एवं सुहाग सामग्री का वितरण किया गया, जिससे कार्यक्रम का धार्मिक और सामाजिक महत्व और अधिक बढ़ गया।

कार्यक्रम श्रीमती रामकली यादव, ऊषाकिरण यादव, अनुराधा शुक्ला, छाया शर्मा, नम्रता सिंह, बबीता पांडे, अभिलाषा सिंह, निशिका शुक्ला, रंजीता यादव, प्रतिभा यादव सहित अन्य श्रद्धालु महिलाओं की उपस्थिति में शांत, भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!