Advertisment
राज्य एवं शहर

जनजातीय गौरव दिवस का राज्य के सभी जिलों में होगा गरिमामय आयोजन, प्रधानमंत्री के संबोधन का प्रसारण और मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जगदलपुर में मुख्य कार्यक्रम में होंगे शामिल

NTN NEWS REPORT// रायपुर, 13 नवम्बर 2025 छत्तीसगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस पूरे राज्य में गरिमामय रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी जिलों में विविध सांस्कृतिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलास्तरीय समारोहों की तैयारियां जोरों पर हैं।

राज्य सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले मुख्य समारोहों में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण आधिकारिक यूट्यूब चैनल और डीडी न्यूज पर किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर इसे देखने-सुनने की विशेष व्यवस्था रहेगी। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश पत्र वाचन किया जाएगा तथा “पीएम जनमन”, “आदि कर्मयोगी” और “धरती आबा” जैसी योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में भी प्रदर्शित होंगी।

मुख्यमंत्री जगदलपुर में होंगे मुख्य अतिथि

फाइल फोटो

मुख्य कार्यक्रम बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ वन मंत्री केदार कश्यप और विधायक किरण सिंह देव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


विभिन्न जिलों में अतिथियों की उपस्थिति

राज्य के अन्य जिलों में कार्यक्रमों में निम्नानुसार जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि रहेंगे—

दुर्ग: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

बिलासपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर: केंद्रीय राज्यमंत्री तोखनलाल साहू

राजनांदगांव: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

बलरामपुर: कृषि मंत्री रामविचार नेताम

बेमेतरा: खाद्य मंत्री दयालदास बघेल

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

कोरबा: उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन

रायगढ़: राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा

सरगुजा: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

जांजगीर-चांपा: महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

महासमुंद: कौशल विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब

कांकेर: स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

कोरिया: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल

इसके अलावा अन्य जिलों में सांसद एवं विधायक मुख्य अतिथि रहेंगे — बलौदाबाजार में बृजमोहन अग्रवाल, सूरजपुर में चिंतामणि महाराज, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, बालोद में भोजराज नाग, गरियाबंद में रूपकुमारी चौधरी, जशपुर में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, बीजापुर में महेश कश्यप, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में देवेन्द्र प्रताप सिंह, मोहला-मानपुर-चौकी में डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, धमतरी में अजय चन्द्राकर, कोण्डागांव में लता उसेण्डी, मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, नारायणपुर में विक्रम उसेण्डी, सुकमा में नीलकंठ टेकाम, दंतेवाड़ा में चैतराम अटामी और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में प्रणव कुमार मरपच्ची।

जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा और सम्मान समारोह

देशभर में 1 से 15 नवम्बर तक “जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला स्तरीय समारोहों में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, जनजातीय समुदाय के प्रमुखों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय संस्कृति, कला, व्यंजन, हस्तशिल्प और सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी तथा लाभार्थी संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

लाभार्थी शिविर और जनजागरूकता गतिविधियां

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विशेष लाभार्थी शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री जनधन खाता, जाति प्रमाणपत्र, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सिकल सेल जांच और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर प्रभात फेरी, जनजागरूकता यात्रा, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, चित्रकला, निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, वृक्षारोपण और जनजातीय नायक-नायिकाओं पर संगोष्ठियां भी आयोजित होंगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!