
त्योहारों के मौसम में करोड़ों अरबों का व्यापार,मार्केट हो रहे गुलजार
मार्केट// त्योहारी सीजन को लेकर कारोबारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजार नवरात्रि के पहले से ही सजकर तैयार हो गए हैं। दीपावली को लेकर कारोबारियों ने स्टॉक मंगाना शुरू कर दिया है। सर्दी को लेकर बूलेन के कपड़ों का स्टॉक लुधियाना, अमृतसर व पानीपत से स्टॉक मंगाना शुरू कर दिया है। नवरात्रि, शादियों के सीजन व दीपावली के त्योहार को लेकर कारोबारियों को विशेष कारोबार की उम्मीद है। वहीं, बाजार में मनमोहक देवी देवताओं की मूर्तियां भी आ गई है। जिनकी श्रद्धालुओं ने खरीददारी शुरू कर दी है।
दो अक्टूबर को पितृ पक्ष के समाप्त होते ही,तीन अक्टूबर नवरात्रि पर्व से ही बाजार में उठान शुरू हो गया है। विभिन्न त्योहारों को ध्यान मे रखते हुए व्यापारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। कपड़ा, इलेक्ट्रानिक, बर्तन व ऑटोमोबाइल सेक्टर के बाजार तैयार हो चुके हैं। नवरात्रि के बाद दशहरा, करवा चौथ, धनतेरस, दीपावली का सीजन शुरू हो गयी है । बाजार में बंपर धनवर्षा होने की संभावना है।
कपड़ा और सराफा बाजार का कारोबार होने की विशेष उम्मीद
त्योहारी व वेडिंग सीजन से सराफा कारोबारियों को विशेष उम्मीद है। सराफा मार्केट में सोने व चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों ने बुकिंग शुरू करा दी है। अक्टूबर माह में ही शादियां भी हैं। इसको लेकर लोग खरीदारी भी कर रहे हैं। नवरात्रि, धनतेरस व दीपावली पर सोने व चांदी के सिक्कों की डिमांड अधिक रहती है। त्योहारी सीजन में सराफा कारोबारी नई डिजाइन की ज्वैलरी का स्टाक मंगवा रहे हैं। वहीं कपड़ा सेक्टर के कारोबारियों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। दीपावली आते-आते ठंड भी दस्तक देगी। ऐसे में ऊनी कपड़ों के साथ डिजाइनर व वेडिंग कलेक्शन बाजार में लाए जा रहे हैं।
ऑटोमोबाइल व फर्नीचर सेक्टर के ऑफर लुभाएंगे
त्योहारों में अधिकांश लोग खरीदारी करते हैं। इसको भुनाने के लिए ऑटोमोबाइल सेक्टर तैयार बैठे हैं। ऑटोमोबाइल सेक्टर में कई तरह की छूट चल रही है। एडवांस बुकिंग कराने व फुल पेमेंट करने पर वाहनों की एसेसरीज, हेलमेट, सर्विस वारंटी, इंजन की गारंटी समेत अन्य सुविधाएं दे रही हैं। नवरात्रि व दीपावली को लेकर भी ऑटोमोबाइल सेक्टर में दोपहिया व चार पहिया वाहनों के नए मॉडल लांच किए जाएंगे।
बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक बाजार भी तैयारियों में जुटा
त्योहारी सीजन में मध्यमर्गीय लोग लोग इलेक्ट्रानिक व घरों में जरूरत के अनुसार बर्तनों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में इस बार दीपावली को लेकर लुधियाना, गजाधरी, महाराष्ट्र, मुरादाबाद समेत अन्य स्थानों से बर्तनों का स्टाक मंगाया जा रहा है। बर्तन कारोबारी भी त्योहार को लेकर स्टाक मंगाने में जुटे हैं। बाजार ने पांच करोड़ रुपये का स्टाक अभी तक मंगवा लिया है।