
बहुप्रतीक्षित “बापू की कुटिया” (सियान सदन) खुला वरिष्ठ नागरिकों के लिए
जांजगीर चाम्पा 18 नवंबर 24// बहुप्रतीक्षित “बापू की कुटिया” (सियान सदन) को वरिष्ठ नागरिकों के लिए खोल दिया गया है।स्थानीय बी डी महंत उद्यान में विगत कई वर्षों से वरिष्ठ नागरिकों के निमित्त निर्मित बापू की कुटिया (सियान सदन) बंद पड़ा हुआ था।
जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा के द्वारा परिसर का भ्रमण कर अवलोकन पश्चात उनके निर्देश एवं मार्गदर्शन में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण विभाग सुमित बघेल के द्वारा गत रविवार को परिसर में पहुंचकर नगर के वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में निरीक्षण कर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याणार्थ उपयोग हेतु बहुप्रतीक्षित “बापू की कुटिया” का शुभारंभ किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याणार्थ बैठने के लिए कुर्सियों सहित कूलर, फ्रिज वाटर प्युरीफायर आदि की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगर के वरिष्ठ नागरिक एवं प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के लोग उपस्थित रहे । उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा एवं समाज कल्याण विभाग जांजगीर का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया।