
हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड से गुजरने वाली माइनर नहर लाइन का जल्द होगा कायाकल्प,सिंचाई विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
जांजगीर चाम्पा 2 जनवरी 2025// हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड कालोनी के मध्य से गुजरने वाली माइनर नहर कई वर्षों से जीर्ण शीर्ण स्थिति में थी। जिसकी मरम्मत के लिए आज सिंचाई विभाग की टीम ने निरीक्षण किया जिस पर जल्द से जल्द कार्यवाही करते हुए कार्य प्रारंभ करने की बात कही।
विदित हो कि हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड कालोनी के मध्य से गुजरने वाली माइनर नहर कई वर्षों से मरम्मत के अभाव में लगभग गायब ही हो गई थी। बिना रख रखाव के कचरे के ढेर में तब्दील होती जा रही थी। जिससे संपूर्ण हसदेव विहार के लोग अत्यंत ही कठिनाई का सामना कर रहे थे। कचरे के ढेर से कई तरह की संक्रामक बीमारी फैल रही थी।
इस संबंध में कालोनी के लोगों की समस्याओं को देखते हुए कालोनी के भाजपा नेता इंजीनियर रवि पाण्डेय के द्वारा सिंचाई विभाग से बात कर समस्याओं के संबंध में अवगत कराया गया जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए सिंचाई विभाग के कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह के द्वारा आज दिनांक 02/01/25 को टीम भेजकर समस्याओं के निराकरण हेतु निर्देशित किया जिस पर सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता प्रदीप तिवारी के द्वारा अपनी टीम के साथ मौका मुआयना करते हुए बताया गया कि समस्याओं के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए जल्द से जल्द माइनर नहर लाइन का प्रारंभ कर दिया जाएगा। 
हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड कालोनी के इस बहुप्रतीक्षित मांग के पूरा होने पर समस्त कालोनी निवासीयो ने भाजपा नेता इंजीनियर रवि पाण्डेय एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।