
किरोड़ीमलनगर मारपीट मामले में कड़ी कार्रवाई: कोतरारोड़ पुलिस ने 24 अनावेदकों को 170 बीएनएसएस में भेजा जेल
NTN NEWS REPORT// रायगढ़, 6 जनवरी।किरोड़ीमलनगर क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए कोतरारोड़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना कोतरारोड़ द्वारा 24 अनावेदकों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को जेल भेजा गया है। यह मामला वार्ड क्रमांक 09 किरोड़ीमलनगर में घटित हिंसक घटना से जुड़ा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 09 किरोड़ीमलनगर निवासी गोविंद राम नेताम (45 वर्ष) ने 4 जनवरी 2026 को थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि उसके मोहल्ले के पीछे वरुण सिंह द्वारा गैलवे कंपनी के लिए दूसरे प्रांत से लाए गए मजदूर रह रहे हैं। उसी दिन दोपहर के समय गैलवे कंपनी से जुड़े कुछ युवकों ने प्रार्थी के पुत्र छवि नेताम पर जबरन उनके साथ काम करने का दबाव बनाया। जब छवि नेताम ने काम करने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की।
मारपीट की इस घटना में बुधमन उरांव, मंगलदीप उरांव, मनोज उरांव, प्रकाश गोप, अरुण करमाली, दीपक उरांव, कार्तिक उरांव एवं अशोक उरांव के नाम सामने आए। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत धारा 109(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसके पश्चात 5 जनवरी 2026 को दोपहर के समय थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज द्वारा पुलिस स्टाफ के साथ वार्ड नंबर 09 किरोड़ीमलनगर में हत्या के प्रयास के आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु दबिश दी गई। दबिश के दौरान वहां मौजूद अन्य काम करने वाले युवक गोविंद राम नेताम एवं उनके पुत्रों के साथ गाली-गलौच करने लगे। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद आरोपी नहीं माने और मारपीट पर उतारू हो गए।
स्थिति के बिगड़ते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 नामजद आरोपियों के अलावा 24 अन्य अनावेदकों को धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत गिरफ्तार किया। साथ ही सभी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराएं 126 एवं 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर सभी 24 अनावेदकों को जेल दाखिल किया गया। वहीं, हत्या के प्रयास के 8 आरोपियों को भी पूर्व में जेल भेजा जा चुका है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, करुणेश राय, राजकुमार पैंकरा, शंभू खैरवार सहित अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।