Advertisment
Advertisment
रायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

रायपुर को मेट्रो सिटी के रूप में विकसित करेगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

बढ़ते शहरीकरण के अनुरूप अधोसंरचना विकास पर फोकस, समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

NTN NEWS REPORT// रायपुर।राजधानी रायपुर को मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शहर के समग्र विकास में धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास और नागरिक सुविधाओं को आधुनिक एवं सुदृढ़ स्वरूप देने के लिए ठोस कार्ययोजना पर अमल किया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में रायपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कही।

नगरीय निकायों को ढाई गुना अधिक संसाधन

मुख्यमंत्री ने बताया कि नगरीय निकायों को अधोसंरचना विकास के लिए पूर्व की तुलना में ढाई गुना अधिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे राजधानी क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विकास कार्य सुनिश्चित हो सके।

अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण रायपुर में यातायात, आवास, जल आपूर्ति और सार्वजनिक सेवाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर व्यावहारिक और दूरदर्शी योजनाएं बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि आने वाले दशकों तक शहर की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

नगर निगम, रेलवे और पीडब्ल्यूडी में बेहतर समन्वय जरूरी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि रायपुर का समग्र विकास तभी संभव है जब नगर निगम, रेलवे और लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा बताए गए जमीनी मुद्दों और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ कार्ययोजनाओं में शामिल किया जाए।

ड्रेनेज, अतिक्रमण और स्वास्थ्य अधोसंरचना पर चर्चा

बैठक में शहर के ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति, प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिक्रमण, नगर निगम द्वारा निर्मित व्यवसायिक परिसरों में खाली दुकानों के पुनः विक्रय, स्वास्थ्य अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा मेकाहारा मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं के उन्नयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पेयजल, सफाई और झुग्गी पुनर्विकास योजनाओं की समीक्षा

इसके साथ ही सफाई व्यवस्था में सुधार, पेयजल आपूर्ति, जल शोधन संयंत्र, सीवरेज नेटवर्क, खेल मैदानों के संरक्षण तथा झुग्गी-झोपड़ी पुनर्विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई, ताकि शहरी जीवन की गुणवत्ता में वास्तविक सुधार लाया जा सके।

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नए प्रोजेक्ट्स

मुख्यमंत्री ने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अंडरग्राउंड विद्युत लाइनें, नए सड़क मार्ग, फ्लाईओवर, सार्वजनिक भवनों और स्टेडियमों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र मुख्य सचिव कार्यालय को भेजे जाएं और बुनियादी अधोसंरचना से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि रायपुर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल राजधानी के रूप में विकसित किया जा सके।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कौशल उन्नयन मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!