
संविधान दिवस पर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी में ज्ञान-वर्धक विशेष गतिविधि आयोजित
NTN NEWS REPORT//जांजगीर, 26 नवम्बर 2025।
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी जांजगीर में संविधान दिवस के अवसर पर एक विशेष ज्ञान-वर्धक गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या सोनाली सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा प्रांगण में हुई, जहाँ विद्यार्थियों को संविधान दिवस के महत्व से अवगत कराया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के शिक्षक समीर कुंडु ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि संविधान दिवस हर वर्ष 26 नवंबर को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। उन्होंने कहा कि यह दिन संविधान के मूल्यों को सम्मान देने और उनके अनुपालन को प्रोत्साहित करने का प्रतीक है। वर्ष 2015 में भारत सरकार ने 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस घोषित किया, जो डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 125वीं जयंती का वर्ष भी था। शिक्षक द्वारा संविधान की जय-जयकार भी करवाई गई।
इसके बाद संस्था की शिक्षिका मनदीप कौर ने विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की प्रक्रिया और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर संविधान की मसौदा समिति के अध्यक्ष थे और उन्हें भारतीय संविधान का निर्माता एवं जनक माना जाता है। उन्होंने संविधान को एक समानतावादी, लोकतांत्रिक और सर्वसमावेशी स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे लंबा लिखित संविधान है, जिसमें संघात्मकता एवं एकात्मकता दोनों का संतुलित समावेश है। साथ ही इसमें नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों को विशेष महत्त्व दिया गया है।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए संविधान की उद्देशिका को सामूहिक रूप से पढ़ा गया। इस आयोजन को सफल बनाने में सभी शिक्षकों, एडमिन स्टाफ एवं ग्रुप डी कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित यह गतिविधि विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुई।