
हिंदी ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतकर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी की छात्रा सान्वी राठौर ने बढ़ाया जांजगीर जिले का मान
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी, जांजगीर की कक्षा तीसरी की मेधावी छात्रा सान्वी राठौर ने हिंदी ओलंपियाड में स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय, क्षेत्र एवं संपूर्ण जांजगीर-चांपा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। छात्रा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से जिलेभर में हर्ष और गौरव का वातावरण निर्मित हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिंदी भाषा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सान्वी राठौर ने यह स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस सफलता के उपलक्ष्य में 29 जनवरी को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय के प्रतिष्ठित तीन मूर्ति सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जहां छात्रा को सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि छात्रा की निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास, सशक्त भाषायी कौशल तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है। अल्पायु में राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करना यह दर्शाता है कि उचित दिशा, प्रेरणा और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण मिलने पर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।
इस गौरवपूर्ण सफलता से ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति, समस्त शिक्षकगण एवं छात्रा के अभिभावक अत्यंत प्रसन्न हैं। सभी ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे निरंतर शुभकामनाएं दी हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने अपने संदेश में कहा कि यह स्वर्ण पदक विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और मूल्यपरक शिक्षा का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी शिक्षा, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।