Advertisment
छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द: सनी लियोनी के इवेंट को लेकर पुलिस ने दी स्पष्टता, बिना अनुमति आयोजन पर होगी कार्रवाई

NTN REPORT// रायपुर। राजधानी रायपुर में अभिनेत्री सनी लियोनी के प्रस्तावित पब्लिक इवेंट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त कार्यक्रम के लिए अब तक किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति नहीं ली गई है और वर्तमान स्थिति में अभिनेत्री का रायपुर आगमन प्रस्तावित नहीं है।

पुलिस कमिश्नरेट की आधिकारिक पुष्टि

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से एडिशनल डीसीपी (मध्य) ने जानकारी देते हुए बताया कि सनी लियोनी से जुड़े किसी भी इवेंट के संबंध में पुलिस विभाग से कोई अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई आयोजन समिति बिना पूर्व अनुमति के कार्यक्रम आयोजित करती है तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

फाइल फोटो

पुलिस ने आयोजकों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व संबंधित विभागों से आवश्यक स्वीकृति लेना अनिवार्य है।

22 तारीख को प्रस्तावित था पब्लिक इवेंट

जानकारी के अनुसार, पहले यह बताया गया था कि इसी माह की 22 तारीख को राजधानी रायपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में सनी लियोनी के शामिल होने की संभावना है। यह सूचना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी, जिसके बाद विभिन्न वर्गों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

सोशल मीडिया पर विरोध, संगठन ने जताई आपत्ति

इवेंट की खबर वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर इसका विरोध दर्ज कराया। हिंदूवादी संगठन बजरंग दल ने भी इस कार्यक्रम पर आपत्ति जताते हुए आयोजन समिति को चेतावनी जारी की थी कि सनी लियोनी से संबंधित कोई भी इवेंट रायपुर में आयोजित न किया जाए। संगठन का कहना था कि इस प्रकार का कार्यक्रम सामाजिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है और इससे युवाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही, संगठन ने यह भी कहा था कि यदि ऐसा कोई आयोजन होता है तो उसका विरोध किया जाएगा।

प्रशासन की चेतावनी: कानून व्यवस्था से समझौता नहीं

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई समिति नियमों की अनदेखी करती है तो उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

डिस्क्लेमर: यह समाचार सूत्रों से प्राप्त उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। कार्यक्रम की अंतिम स्थिति या भविष्य में किसी संभावित परिवर्तन के संबंध में आधिकारिक पुष्टि होने पर ही मान्य माना जाएगा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!