Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जेएसडब्ल्यू प्लांट नरियरा में अवैध वसूली और धरना प्रदर्शन पर पुलिस का शिकंजा

NTN REPORT//जांजगीर-चांपा,23 दिसंबर 2025।
जांजगीर-चांपा जिले के जेएसडब्ल्यू प्लांट, नरियरा में बार-बार धरना प्रदर्शन कर आवागमन बाधित करने और कंपनी प्रबंधन से अवैध धनराशि की मांग करने वाले दो आरोपियों को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों द्वारा लोगों को उकसाकर प्लांट के मुख्य गेट पर बार-बार धरना-प्रदर्शन कर माहौल खराब किया जा रहा था।

घटना का संक्षिप्त विवरण : दिनांक 22 दिसंबर 2025 को आरोपी सत्यप्रकाश निर्मलकर एवं ज्योति नोरगे द्वारा जेएसडब्ल्यू प्लांट के मुख्य गेट के अंदर जबरन प्रवेश किया गया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा गार्डों एवं कर्मचारियों से धक्का-मुक्की, गाली-गलौच की और मुख्य गेट पर बैठकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। मना करने पर आरोपियों का व्यवहार उग्र हो गया और उन्होंने तोड़फोड़ की धमकी दी।

पूर्व की घटनाएं और लगातार अवैध गतिविधियां : पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी कई बार जेएसडब्ल्यू प्लांट के मुख्य गेट पर धरना देकर एवं अंदर घुसने का प्रयास कर आवागमन बाधित करते रहे हैं। जमीन से संबंधित कोई वैध अधिकार न होने के बावजूद कुछ ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर अपने साथ शामिल कर धरना-प्रदर्शन कराया जाता था। इसके जरिए कंपनी प्रबंधन पर दबाव बनाकर अवैध पैसों की मांग की जाती थी।

कंपनी, मजदूरों और कर्मचारियों पर पड़ा प्रभाव : बार-बार गेट बंद किए जाने और वाहनों को अंदर नहीं जाने देने से प्लांट का उत्पादन प्रभावित हुआ, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। साथ ही सैकड़ों मजदूरों और कर्मचारियों का कार्य व पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हुआ। कंपनी प्रबंधन द्वारा कई बार बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों द्वारा ब्लैकमेलिंग जारी रखी गई।

पंजीबद्ध अपराध और पुलिस की कार्रवाई : घटना की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 656/2025 के तहत
धारा 296, 126(2), 333, 308(2), 3(5) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इसके पूर्व भी आरोपियों के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 582/25 धारा 126(2), 332(A), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को दो अलग-अलग प्रकरणों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड : पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध थाना अकलतरा में पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा थाना मुलमुला में भी दोनों पर ठगी के मामले पंजीबद्ध हैं।

गिरफ्तार आरोपी : सत्यप्रकाश निर्मलकर (उम्र 32 वर्ष), निवासी नरियरा, थाना मुलमुला ज्योति नोरगे (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम रोगदा, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका :  इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। औद्योगिक क्षेत्र में अवैध वसूली, धरना और अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!