
सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस पर जांजगीर में भूतपूर्व सैनिकों व शहीद परिवारों का गरिमामय सम्मान
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। 14वें सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर जिले के भूतपूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के सम्मान में कचहरी चौक, जांजगीर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर एक गरिमामय सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा भूतपूर्व सैनिकों के योगदान को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भूतपूर्व सैनिक, शहीदों के परिजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सैनिकों के त्याग और बलिदान को किया नमन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने सशस्त्र बलों के अद्वितीय योगदान, त्याग और बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों का अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की सुरक्षा में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जिले के भूतपूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान करना समाज और राष्ट्र का नैतिक दायित्व है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान की भावना से प्रेरणा मिलती है।
पुलिस अधिकारियों व पूर्व सैनिकों की सहभागिता
कार्यक्रम में CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, DSP मुख्यालय विजय पैकरा सहित जिले के भूतपूर्व सैनिकगण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि पूर्व दिवस की संध्या को भी पुलिस प्रशासन द्वारा भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिससे सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया गया।