
जिला प्रेस क्लब जांजगीर का नववर्ष मिलन समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न
होटल ड्रीम प्वाइंट में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और गणमान्य अतिथियों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति जांजगीर।
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। जिला प्रेस क्लब जांजगीर द्वारा नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन जांजगीर स्थित होटल ड्रीम प्वाइंट में गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं एवं बड़ी संख्या में पत्रकार साथियों की सहभागिता रही।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े उपस्थित रहीं। वहीं विशेष अतिथियों में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू तथा जिला भाजपा के अमर सुल्तानिया शामिल रहे। इसके अलावा जिला प्रेस क्लब के सम्माननीय सदस्यगण बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रेस क्लब की भूमिका, पत्रकारिता की गरिमा एवं लोकतंत्र में मीडिया के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को समाज और शासन के बीच सेतु बताते हुए जिला प्रेस क्लब के कार्यों की सराहना की।
उद्बोधन के पश्चात कार्यक्रम अत्यंत ही खुशनुमा माहौल में आगे बढ़ा, जहां अतिथियों एवं पत्रकारों के मध्य सौहार्दपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। नववर्ष के अवसर पर आपसी संवाद, सहयोग और सकारात्मक पत्रकारिता को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया गया। समारोह ने न केवल नववर्ष का स्वागत किया, बल्कि पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं समन्वय को भी नई ऊर्जा प्रदान की।