Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

आधुनिक बैंकिंग की नई सौगात: छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक बिल्हा (403) शाखा के सर्वसुविधायुक्त नए परिसर का भव्य उद्घाटन

NTN NEWS REPORT// बिलासपुर। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की बिल्हा (403) स्थित शाखा के नवीन, सर्वसुविधायुक्त परिसर का विधिवत उद्घाटन गुरुवार को बैंक अध्यक्ष विनोद अरोरा द्वारा किया गया। यह शाखा बिल्हा के मध्य स्थित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में स्थापित की गई है, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों, व्यापारियों और किसानों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।

उद्घाटन अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश कुमार सिंह राजपूत, शाखा प्रबंधक आयुष चंदेल सहित बैंक के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्राहक और उपभोक्तागण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नए परिसर को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विनोद अरोरा ने कहा कि नवीन शाखा परिसर के शुभारंभ के साथ बैंक ने वित्तीय समावेशन के अपने मिशन को और अधिक सशक्त किया है। यह शाखा न केवल स्थानीय व्यवसायिक गतिविधियों को गति देगी, बल्कि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के लोगों को सुलभ, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएँ भी प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि इस शाखा के माध्यम से ग्राहकों को डिजिटल एवं पारंपरिक दोनों प्रकार की बैंकिंग सेवाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इस दौरान ग्राहकों से बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं—किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पीएम सूर्य घर योजना, आवास ऋण, एसएमई ऋण, व्यक्तिगत ऋण, कार ऋण आदि—पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बैंक की जमा एवं सुरक्षा योजनाओं जैसे एफडी, आरडी, एसआईपी, आकर्षक जीवन बीमा पॉलिसी, दुर्घटना बीमा पॉलिसी, अटल पेंशन योजना (APY) की भी जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की यह नई पहल क्षेत्रीय आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करेगी और आम जनता के लिए बैंकिंग को और अधिक सरल, सुरक्षित एवं सुलभ बनाएगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!