
विष्णु भोग और देवा भोग का अड्डा बना नगरपालिका कार्यालय! भ्रष्टाचार और विकास की उदासीनता के खिलाफ कांग्रेस का जनआक्रोश फूटा — विधायक ब्यास कश्यप के नेतृत्व में नगर पालिका का किया घेराव, कार्यालय में की तालाबंदी!
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। नगरपालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार, मनमानी और नगर विकास के प्रति अधिकारियों की बेरुखी के खिलाफ बुधवार को कांग्रेसजनों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नगरपालिका कार्यालय का घेराव कर जनआक्रोश रैली निकाली।
विधायक ब्यास कश्यप के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्षद और नगरवासी कचहरी चौक से रैली निकालते हुए नगरपालिका कार्यालय पहुंचे, जहां पुलिस बल की भारी मौजूदगी के बीच उन्होंने कार्यालय में तालाबंदी कर जमकर नारेबाजी की।
🧾“विष्णुभोग और देवाभोग का अड्डा बन चुका है नगरपालिका कार्यालय” — विधायक ब्यास कश्यप
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ब्यास कश्यप ने भाजपा शासित नगरपालिका पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि —
“भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बने आठ माह हो चुके हैं, लेकिन नगर में विकास का एक भी नया काम नहीं हुआ।
नगर के किसी भी मोहल्ले में एक ईंट तक नहीं रखी गई।
लेकिन नगरपालिका में बिना ‘विष्णुभोग और देवाभोग’ के कोई काम संभव नहीं है। यह कार्यालय अब भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन भाजपा नेताओं के संरक्षण में बेलगाम हो चुका है। जनहित और जनता की समस्याओं से जुड़े मामलों के प्रति उदासीन रवैया अपनाया जा रहा है। यहां तक कि राज्य शासन द्वारा स्वीकृत 2.5 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य का प्रस्ताव महीनों बीत जाने के बाद भी स्वीकृति के लिए नहीं भेजा गया है।
भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की उठाई मांग
रैली के दौरान कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि पालिका में अध्यक्ष, अधिकारी और ठेकेदारों की मिलीभगत से कई घोटाले किए जा रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से – चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के गणवेश खरीदी में अनियमितता , ‘हमर चौपाटी’ निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार, ‘एक पेड़ मां के नाम’ योजना में राशि के दुरुपयोग बीडीएम गार्डन से पुराना अस्पताल तक डिवाइडर में नगर पालिका कर्मचारियों से कराया गया रंग-रोगन का भुगतान ठेकेदार के नाम पर करने जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। कांग्रेस ने इन सभी मामलों की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
विकास कार्यों को लेकर सौंपा ज्ञापन
सभा के बाद कांग्रेसजनों ने कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (रा.) सुब्रत प्रधान को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर के प्रमुख विकास कार्यों को प्राथमिकता में शामिल करने की मांग की गई, जिनमें —
: नगर के प्रमुख हाईस्कूल के खेल मैदान का उन्नयन। : नैला रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण : लंबित जल आवर्धन योजना को पूर्ण करने :132 केवी विद्युत स्टेशन की स्थापना : भीमा तालाब में स्थायी जलभराव हेतु नाली निर्माण : सुव्यवस्थित सब्जी मंडी निर्माण , जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं।
रैली में भारी जनसमर्थन
जनआक्रोश रैली में नगर के सभी वार्डों से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष प्रिंस शर्मा, वरिष्ठ पार्षद विष्णु यादव, देवराज सिंह चंदेल, रक्षा धीरज सिंह बैस, रेखा सोनवान, जगदीश्वरी रवि सूर्यवंशी, अक्षय टेकाम, विजय बंटी अग्रवाल, अरमान खान, विवेक सिंह सिसोदिया सहित अनेक कांग्रेसी पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रमेश पैगवार, रफीक सिद्दिकी, हेमलता राठौर, गिरधारी यादव, मुस्कान परवीन, वर्षा सिंह राजपूत, मनोरमा पाटेकर, महेन्द्र कश्यप, सौरभ सिंह, राजा खान, डॉ. शरीफ, विजय गढ़ेवाल, संतोष बोबई, चन्द्रप्रकाश ओग्रे, मिथुन राठौर, बबला महाराज, दीपक गुड्डा, संस्कार राठौर, सुनीता साहू, सत्यभामा टंडन और सैकड़ों कांग्रेसजन इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस का ऐलान — “अगर भ्रष्टाचार नहीं रुका तो होगा उग्र आंदोलन” : कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि नगरपालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
जनता के हक और नगर के विकास के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।
जांजगीर-चांपा नगर में भाजपा शासित नगरपालिका के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश चरम पर है। जनता के सहयोग से आयोजित यह रैली भ्रष्टाचार और विकास की ठहराव भरी राजनीति के खिलाफ कांग्रेस के तेवरों को स्पष्ट रूप से दिखाती है। नगर पालिका का घेराव और तालाबंदी कर कांग्रेस ने साफ संदेश दे दिया है — “अब जनता की आवाज दबेगी नहीं, भ्रष्टाचार पर होगी खुली कार्रवाई।”