
खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई — करही, डभरा और चन्द्रपुर क्षेत्र में अवैध रेत व चूना पत्थर परिवहन पर कसा शिकंजा
NTN NEWS REPORT// सक्ती, 14 अक्टूबर 2025।
जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार एवं खनिज अधिकारी के. के. बंजारे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने देर रात करही, डभरा और चन्द्रपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत एवं निम्न श्रेणी के चूना पत्थर के परिवहन में लिप्त कुल 06 वाहनों को जप्त किया है।
जानकारी के अनुसार, उड़नदस्ता दल ने 04 हाईवा और 02 ट्रैक्टर को पकड़ा जो बिना वैध अनुमति के खनिज सामग्री का परिवहन कर रहे थे। सभी वाहनों को संबंधित पुलिस थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि पकड़े गए मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी स्तर पर अवैध खनन, परिवहन अथवा भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके निर्देशानुसार खनिज अमला लगातार सतत निगरानी और कार्रवाई अभियान चला रहा है, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और क्षति पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन का यह अभियान जिले में खनन गतिविधियों को पारदर्शी एवं वैधानिक रूप देने की दिशा में एक कड़ा कदम माना जा रहा है।