
राष्ट्रीय एकता दिवस पर महासमुंद पुलिस ने किया “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन
NTN REPORT// महासमुंद, 31 अक्टूबर 2025।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर महासमुंद पुलिस द्वारा शुक्रवार को “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम रक्षित केंद्र परसदा सहित जिले के सभी थानों में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता दौड़, राष्ट्रीय एकता की शपथ, नशामुक्ति हेतु जागरूकता अभियान, सायबर जागरूकता कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण जैसे कई जनहितकारी आयोजन संपन्न हुए।
रन फॉर यूनिटी में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर सेना, सीएएफ बल, वन विभाग के अधिकारी, स्कूल के छात्र-छात्राएं, स्काउट गाइड, जनप्रतिनिधि गण तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशामुक्ति एवं सायबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
जागरूकता के तहत नागरिकों को निम्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई –
🔹 मानस हेल्पलाइन (नशामुक्ति हेतु): 1933
🔹 नेशनल नशामुक्ति हेल्पलाइन: 14446
🔹 साइबर अपराध रिपोर्टिंग हेल्पलाइन: 1930
रक्षित केंद्र परसदा में वृक्षारोपण भी किया गया तथा जिले के सभी थाना, चौकी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्रों में राष्ट्रीय एकता की शपथ कार्यक्रम संपन्न कराए गए।
महासमुंद पुलिस द्वारा इस आयोजन के माध्यम से एकता, नशामुक्त समाज और साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।