
सनातन आस्था का महाकुंभ: 21 अप्रैल को जांजगीर में 501 शिवलिंगों का पूजन-अभिषेक,विश्व शांति के संकल्प संग जांजगीर बनेगा शिवमय
श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति ने प्रेस वार्ता में दी आयोजन की विस्तृत जानकारी
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से 21 अप्रैल को जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं सामूहिक जलाभिषेक का भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति के तत्वावधान में संपन्न होगा।
शनिवार को शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। समिति के अभिषेक शर्मा ने बताया कि आयोजन के अंतर्गत 501 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण टिला एवं तालाब की पवित्र मिट्टी से किया जाएगा। इसके पश्चात विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन, जलाभिषेक एवं श्रृंगार किया जाएगा और सभी शिवलिंगों का विधिवत नदी में विसर्जन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में लगभग 501 सनातनी परिवारों के शामिल होने की संभावना है। प्रत्येक परिवार से 2100 रुपये का सहयोग निर्धारित किया गया है, जिसमें पूजन की संपूर्ण सामग्री समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
धार्मिक अनुष्ठानों की विशेष रूपरेखा
कार्यक्रम के दौरान सर्व आचार्यों का मंगल प्रवेश, भगवान शिव का जलाभिषेक, श्रृंगार एवं महाप्रसाद वितरण जैसे विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। श्रद्धालु भगवान शिव को 50 ग्राम दूध अर्पित कर अभिषेक करेंगे। समिति ने स्पष्ट किया कि पूजन में बैठने के लिए पति-पत्नी का होना अनिवार्य नहीं है; भाई-बहन या परिवार के अन्य सदस्य भी एक साथ बैठकर पूजा-अर्चना कर सकते हैं।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर में पिछले तीन वर्षों से इस आयोजन का सफल आयोजन किया जा रहा है और अब जांजगीर-चांपा में पहली बार इसे भव्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में धार्मिक जागरूकता, एकता और सनातन मूल्यों के संरक्षण को बढ़ावा देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
ड्रोन से होगा गुलाब जल का छिड़काव
आयोजन को विशेष बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के माध्यम से गुलाब जल का छिड़काव किया जाएगा, जिससे वातावरण को पवित्र एवं भक्तिमय बनाया जा सके।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर चार दमकल वाहनों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
5000 श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था
समिति के अनुसार कार्यक्रम में लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए महाप्रसाद (भंडारा) की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे प्रत्येक भक्त प्रसाद ग्रहण कर सके।
श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा रुद्राक्ष
आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को आस्था एवं स्मृति स्वरूप रुद्राक्ष का वितरण भी किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में प्रदीप राठौर, गोपाल, अशोक शर्मा, राघवेंद्र पांडेय, प्रफुल्ल तिवारी, उपेंद्र तिवारी, रोहित शुक्ला, चंकी तिवारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।