NTN REPORT// उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है. मुख्य आरोपी शिवम यादव और उसके साथी शनि यादव पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. दोनों आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपियों ने फरारी के दौरान करीब 18 सिम कार्ड बदले. लगातार मोबाइल नंबर बदलने और स्थान बदलने के कारण पुलिस को उनकी लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई हो रही है।
पुलिस ने चार टीमें गठित कीं, संदिग्ध युवक हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. इसी क्रम में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस आरोपियों के संपर्कों और उनकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है.
सोमवार को पुलिस की एक टीम प्रयागराज पहुंची और मुख्य आरोपी शिवम यादव के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. हालांकि, आरोपी के परिवार ने पुलिस को बताया कि वह घर नहीं आया है.
न्यायालय में दर्ज हुए पीड़िता के बयान
पीड़िता ने मंगलवार को न्यायालय में अपने बयान दर्ज कराए. पुलिस अब पीड़िता के बयान, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के मोबाइल रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि पीड़िता पहले भी दो बार शिवम यादव के साथ लखनऊ में रुकी थी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखा जा रहा है.
दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा है पीड़िता
पीड़िता दिल्ली यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज में बीए ऑनर्स की छात्रा है और यूपीएससी की तैयारी कर रही है. आरोप है कि 15 मई को दिल्ली जाते समय उसने अपने परिचित शिवम यादव को मैसेज किया था. इसके बाद आरोपी उसे चारबाग रेलवे स्टेशन से सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कमरे पर ले गए.
पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ देकर तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर 18 मई को आरोपियों ने उसे ट्रेन से दिल्ली भेज दिया और खुद फरार हो गए.
दिल्ली से लखनऊ ट्रांसफर हुई जीरो एफआईआर
मामले में दिल्ली के आनंद विहार जीआरपी थाने में पहले जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी. बाद में केस को लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया, जिसके बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया.
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।