
जांजगीर मेडिकल कॉलेज को मिली एनएमसी की मंजूरी, नागरिक मंच ने जताया हर्ष; अटल चौक पर मिठाई बांटकर किया स्वागत
NTN REPORT// जांजगीर। जांजगीर-चांपा सहित प्रदेश के पाँच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से 50-50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने पर जिले में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर नागरिक मंच ने केंद्र और राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
नागरिक मंच के संयोजक प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से जांजगीर-चांपा के विद्यार्थियों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आने वाले वर्षों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आम लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने इस निर्णय को डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी सोच, सुशासन और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जिलेवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि यह पहल जांजगीर-चांपा सहित पूरे छत्तीसगढ़ की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने की खुशी में नागरिक मंच के कार्यकर्ताओं ने जांजगीर स्थित अटल चौक पर एकत्रित होकर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा मिठाई वितरित कर अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के समर्थन में नारे लगाए और इस उपलब्धि को जिले के लिए बड़ी सौगात बताया।
कार्यक्रम में प्रशांत सिंह ठाकुर, पंकज अग्रवाल, चमन शिव सिंह, अनुराग तिवारी, अभिमन्यु राठौर, राहुल सेन, दिव्यांश चंदेल, दिनेश राठौर, राकेश राठौर, प्रदीप सोनी, सूर्यप्रताप सिंह, सुरेंद्र यादव, सोनू यादव, हेमंत पैगवार, योगेश राणा, लक्ष्मी जायसवाल, प्रकाश तलवानी, राहुल यादव, आशीष पैगवार, आकाश ताम्रकार, कन्हैया सूर्यवंशी, सतीश पैगवार सहित नागरिक मंच के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।