Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर-चांपा: पुरानी रंजिश में युवक की धारदार हथियार से हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

हत्या के बाद फरार आरोपियों ने एक अन्य युवक पर भी किया जानलेवा हमला, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोचा, हथियार व बाइक जब्त

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा,08 फरवरी 2026। जिले में पुरानी रंजिश के चलते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो धारदार चाकू और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। हत्या के बाद फरार रहने के दौरान एक आरोपी ने एक अन्य युवक पर भी हत्या की नीयत से जानलेवा हमला किया था, जिस पर पृथक से हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला

प्रार्थी राकेश सूर्यवंशी, निवासी सिवनी नैला ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई रोशन सूर्यवंशी उर्फ छोटे दादू, जो टेंट का कार्य करता था, 7 फरवरी 2026 की शाम काम से घर लौटने के बाद रात करीब 10 बजे अपने दोस्त परमेश्वर चौहान के साथ गांव के तालाब की ओर घूमने निकला था।

रात लगभग 11 बजे परमेश्वर चौहान ने सूचना दी कि अम्हातालाब के पास नशा करने की बात को लेकर रोशन सूर्यवंशी का आशीष सूर्यवंशी और अतुल महंत से विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने धारदार हथियार से उसके पेट पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोशन सूर्यवंशी को परिजनों द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद एक और जानलेवा हमला

घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। फरारी के दौरान 8 फरवरी 2026 को आरोपी आशीष सूर्यवंशी ने नैला निवासी यशवंत यादव के साथ गाली-गलौज कर हत्या की नीयत से धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में प्रार्थी मनोज कुमार यादव की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ पृथक से हत्या के प्रयास का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार

अपराध की गंभीरता को देखते हुए मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर साइबर थाना, कोतवाली थाना एवं नैला चौकी की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो धारदार चाकू एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अतुल महंत, पिता राजेंद्र दास महंत, उम्र 19 वर्ष
    निवासी ग्राम कन्हाईबंद, वार्ड क्रमांक 15, चौकी नैला
  2. आशीष सूर्यवंशी, पिता बसंत कुमार सूर्यवंशी, उम्र 22 वर्ष
    निवासी भाठापारा, वार्ड क्रमांक 1, नैला

इन अधिकारियों व जवानों की रही अहम भूमिका

इस संपूर्ण कार्रवाई में CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, नैला चौकी प्रभारी भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक सफील्ला, प्रधान आरक्षक रूद्र, आर.डी. केश्वर साहू, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, विवेक सिंह, आर. माखन साहू, प्रदीप दुबे, श्रीकांत सिंह, प्रतीक सिंह एवं साहबज खान का विशेष योगदान रहा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!