Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपाधर्मस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जगद्गुरु रामभद्राचार्य शबरी की निष्ठा पर सुनाएंगे कथा, 27 अप्रैल से राम मिलेंगे आश्रम में नौ दिवसीय श्रीराम कथा

NTN NEWS REPORT// शिवरीनारायण। नगर के समीप स्थित ग्राम तेंदुआ धाम में राम मिलेंगे आश्रम द्वारा नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आश्रम समिति के डॉ. अशोक हरिवंश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह श्रीराम कथा 27 अप्रैल से प्रारंभ होकर 5 मई तक आयोजित की जाएगी।उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ ही कथा का विधिवत शुभारंभ होगा। कथा का वाचन जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज द्वारा किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को शबरी की निष्ठा विषय पर श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।

आयोजन स्थल श्रीराम जानकी मंडप में कथा प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक होगी। मंडप में एक साथ पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। कथा के दौरान प्रतिदिन भोग-प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। डॉ. हरिवंश ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज द्वारा राम मिलेंगे आश्रम तेंदुआ धाम में भव्य श्रीराम मंदिर का शिलालेख स्थापित किया गया था। अब तीन वर्ष बाद पुनः उनका आश्रम आगमन हो रहा है, जहां वे श्रीराम कथा के अंतर्गत शबरी की निष्ठा पर नौ दिनों तक कथा प्रवचन देंगे।

राम मिलेंगे आश्रम तेंदुआ धाम के सदस्यों ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!