Advertisment
विदेश

ईरान ने पहली बार ‘सजिल’ मिसाइलों से किया हमला, इजरायल के सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

NTN REPORT// तेहरान/तेल अवीव। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच ईरान ने इजरायल के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। ईरान ने ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ की 54वीं लहर के तहत इजरायल पर मिसाइलों की बौछार की। इस हमले में पहली बार ईरान की ठोस-ईंधन वाली ‘सजिल’ बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया है।

फाइल फोटो

IRGC का दावा—फैसला लेने वाले केंद्र थे निशाने पर
ईरान की अर्धसैनिक इकाई Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) के अनुसार, ताजा हमलों का मकसद इजरायल के प्रशासनिक और रणनीतिक फैसले लेने वाले केंद्रों को निशाना बनाना था। ये वे केंद्र बताए गए हैं, जहां से इजरायल के हवाई अभियानों का संचालन और नियंत्रण होता है। ईरानी पक्ष का कहना है कि कार्रवाई में इजरायल के प्रमुख सैन्य ठिकानों, रक्षा बुनियादी ढांचे और सैनिक जमावड़े वाले स्थानों को निशाना बनाया गया।

‘सजिल’ मिसाइल का पहली बार इस्तेमाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ऑपरेशन में ईरान ने पहली बार अपनी ठोस-ईंधन वाली ‘सजिल’ मिसाइल का इस्तेमाल किया। सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार, ठोस-ईंधन मिसाइलों को कम समय में लॉन्च किया जा सकता है, जिससे लक्ष्य देश को जवाबी तैयारी के लिए सीमित समय मिलता है। इसके अलावा हमले में खोर्रमशहर, खैबर-शेखन, काद्र और इमाद जैसी एडवांस मिसाइलों के इस्तेमाल का भी दावा किया गया है।

हमलों को बताया बदले की कार्रवाई
ईरान ने इन हमलों को बदले की कार्रवाई करार दिया है। हालांकि, इजरायल की ओर से हमलों के नुकसान या दावों की स्वतंत्र पुष्टि को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन अटैक
इससे पहले सोमवार को ईरान पर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला करने का आरोप लगा था। Dubai International Airport के आसपास हुए इस हमले के बाद आग लगने और आसमान में काले धुएं का गुबार उठने की खबरें सामने आई थीं। घटना के चलते कई उड़ानों को रद्द और निलंबित किया गया।

क्षेत्र में बढ़ा तनाव
लगातार हो रहे हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और गहरा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई का दायरा बढ़ता है तो इसका असर क्षेत्रीय सुरक्षा, हवाई यातायात और वैश्विक तेल आपूर्ति पर पड़ सकता है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!