Advertisment
Advertisment
अपराधरायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

अंतर्राज्यीय ‘रामजी नगर गैंग’ का भंडाफोड़: कार का कांच तोड़कर चोरी करने वाला त्रिची गिरोह रायपुर पुलिस के शिकंजे में, 96 घंटे में 6 शातिर गिरफ्तार

NTN NEWS REPORT// रायपुर, 17 जनवरी 2026।
रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडू के त्रिची से सक्रिय कुख्यात रामजी नगर गिरोह के 06 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर खड़ी कारों का कांच तोड़कर कीमती सामान चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था।यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा की गई।

96 घंटे में बड़ी सफलता

प्रथम सूचना दर्ज होने के महज 96 घंटे के भीतर एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट, थाना गंज एवं थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने हजारों सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी जांच एवं अंतर्राज्यीय समन्वय के आधार पर झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वाडैम क्षेत्र से 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी वहां नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

रायपुर में दो बड़ी वारदातें

गिरोह ने रायपुर के थाना गंज एवं थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्र में कार का कांच तोड़कर चोरी की दो घटनाओं को अंजाम दिया था—

  • थाना गंज मामला (अपराध क्रमांक 09/26)
    12 जनवरी 2026 को अपोलो डायग्नोस्टिक के सामने खड़ी कार का कांच तोड़कर लाखों रुपये नगदी, एप्पल लैपटॉप, सैमसंग टैब, हार्डडिस्क एवं डेबिट-क्रेडिट कार्ड से भरे बैग चोरी किए गए।
  • थाना देवेन्द्र नगर मामला (अपराध क्रमांक 08/26)
    महाराजा फुटवेयर के सामने खड़ी कार से नगदी से भरा बैग चोरी किया गया।

देशभर में फैला नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, दिल्ली सहित कई राज्यों में इसी तरीके से दर्जनों चोरी की घटनाएं कर चुके हैं। गिरोह का मूवमेंट आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और झारखंड में भी नोटिस किया गया है। संबंधित राज्यों को जानकारी भेजी जा रही है।

रेलवे स्टेशन को बनाते थे ठिकाना

आरोपी पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए होटलों में न रुककर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर रुकते थे और बिना टिकट ट्रेन यात्रा करते थे।

चोरी का लैपटॉप गरियाबंद से बरामद

पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने चोरी किया गया लैपटॉप गरियाबंद में फेंक दिया था, जिसे पुलिस टीम ने मात्र 06 घंटे के भीतर बरामद कर लिया।

जब्त सामग्री

आरोपियों के कब्जे से— 01 लैपटॉप, 01 टैब , नगदी 25,000 रुपये , 02 सोने के सिक्के , 02 मोबाइल फोन
जब्त किए गए हैं।

कानूनी कार्रवाई : आरोपियों के विरुद्ध—थाना गंज: धारा 305(सी), 3(5) बीएनएस,थाना देवेन्द्र नगर: धारा 303(2), 324 बीएनएस
के तहत अपराध पंजीबद्ध है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. किट्टू पिता स्व. वेल्लू (55 वर्ष) – त्रिची, तमिलनाडू
  2. ए. विनोद कुमार पिता स्व. अलाकिरीसामी (43 वर्ष) – त्रिची
  3. बाला मुरुगन पिता बाला मुरुगन (43 वर्ष) – त्रिची
  4. कुमरेशन डी. पिता धर्मा (60 वर्ष) – त्रिची
  5. भास्कर के पिता कदरीवेल (55 वर्ष) – त्रिची
  6. रंगन ए. पिता अमरनादन (56 वर्ष) – त्रिचि

प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!