Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

मोदी सरकार की नीतियों से बढ़ रही महंगाई, किसान और आम जनता परेशान : नोबेल वर्मा

कांग्रेस की पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार पर साधा निशाना, 20 मई को आंदोलन की चेतावनी

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद देश में लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की आर्थिक और कृषि नीतियों पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त मुख्य वक्ता एवं पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश और आर्थिक नीतियों का खामियाजा देश की आम जनता भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में भारत ने अपने पुराने मित्र देशों रूस और ईरान से सस्ता कच्चा तेल खरीदना कम कर दिया है, जिसके कारण अब भारत को महंगा और लंबी दूरी से आने वाला क्रूड ऑयल खरीदना पड़ रहा है। इससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ रहा है और देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।

नोबेल वर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर होती जा रही है और इसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों, ईंधन और दैनिक जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है।

किसानों को नहीं मिल रहा खाद, निजी दुकानों में हो रही कालाबाजारी

जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने केंद्र सरकार की कृषि नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों की जमीन और संसाधनों को उद्योगपतियों के हाथों में सौंपने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने तीन कृषि कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की जनता पहले ही इन नीतियों का विरोध कर चुकी है।

व्यास कश्यप ने कहा कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद सेवा सहकारी समितियों में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं दूसरी ओर निजी दुकानों में बिचौलिए खाद को दोगुने और तिगुने दामों में बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को राहत देने के बजाय उर्वरक के कम उपयोग की अपील कर रही है, जो किसानों के हितों के खिलाफ है।

करही गोलीकांड में गिरफ्तारी नहीं होने पर कांग्रेस नाराज

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने करही गोलीकांड मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।

उन्होंने घोषणा की कि आगामी 20 मई को कांग्रेस पार्टी महंगाई, खाद संकट और करही गोलीकांड जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन करेगी।

बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस सचिव गिरधारी यादव, जिला उपाध्यक्ष रमेश पैगवार, भगवान दास गढ़ेवाल, रफीक सिद्दीकी, सेवादल जिलाध्यक्ष देव कुमार पाण्डेय, संगठन महामंत्री शिशिर द्विवेदी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर, राकेश गबेल,  आकाश तिवारी, जितेंद्र दिनकर, महेंद्र कश्यप, निर्मला बरेठ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!