
NTN REPORT// एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना थान-खम्हरिया में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी अनीश पटेल द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की गई थी कि थाना थान-खम्हरिया, जिला बेमेतरा में दर्ज अपराध क्रमांक 114/2026 के मामले में केस को कमजोर करने के एवज में प्रधान आरक्षक अजय लहरे द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
प्रार्थी रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत की जांच और सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत राशि को कम करते हुए 15 हजार रुपये लेने की सहमति दी गई।
इसके बाद एसीबी टीम द्वारा ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार 26 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधान आरक्षक अजय लहरे को प्रार्थी अनीश पटेल से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।