
जांजगीर में मनाया गया गुरु प्रकाश पर्व सतनामी समाज ने श्रद्धा व भक्ति के साथ किया आयोजन
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। सतनामी समाज के गुरु भाई-बहनों द्वारा रविवार को स्थानीय सतनाम भवन परिसर में गुरु प्रकाश पर्व बड़े उत्साह, श्रद्धा और अनुशासन के साथ मनाया गया। गुरु घासीदास बाबा की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह पर्व समाज को सत्य, अहिंसा और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर समाज के श्रद्धालु एकत्रित हुए और गुरु परंपरा के प्रति अपनी दृढ़ आस्था व्यक्त की।

समाज के प्रमुख वक्ताओं ने गुरु घासीदास जी के जीवन-चरित्र, सत्य के मार्ग पर दृढ़ रहने की प्रेरणा, समानता व सामाजिक एकता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि गुरु घासीदास का सत्य और अहिंसा का दर्शन आज भी समाज को नई दिशा देता है और पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करता है।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरु प्रकाश पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सत्य, अहिंसा, सादगी और मानवता के भाव को जगाने वाला संदेशमयी उत्सव है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित और प्रगतिशील बनाने के लिए गुरु परंपरा की मूल भावना को समझना और उसे जीवन में अपनाना आवश्यक है।
इस अवसर पर पूरे जांजगीर क्षेत्र में गुरु प्रकाश पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा। सुबह से देर शाम तक सतनाम भवन परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा और गुरु वंदना की गूंज पूरे वातावरण में शांति और सकारात्मकता का संदेश देती रही।