Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

सालों की सेवा की पेंशन में भी सरकार की कटौती, पेंशनरों के हित में आगे भी जारी रहेगा संघर्ष!

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। पेंशनरों के हितों और उनकी लंबित मांगों को लेकर पेंशनर संघ ने सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। पेंशनर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी जांजगीर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पेंशनरों की समस्याओं और सरकार की नीतियों को लेकर अपनी बात रखी।

सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि यदि कोई नेता पांच साल के लिए चुनाव जीतकर आता है तो उसे आजीवन पेंशन मिलती है। यदि वह चार बार चुनाव जीतता है तो उसे चार-चार बार की अलग-अलग पेंशन मिलती है। दूसरी ओर एक शासकीय कर्मचारी अपनी पूरी जिंदगी नौकरी में खपा देता है, इसके बावजूद उसकी पेंशन में तरह-तरह की कटौती की जाती है और उसे सम्मानजनक पेंशन नहीं दी जाती। उन्होंने इसे पेंशनरों के साथ अन्याय बताया।

पेंशनरों की कटौती का पैसा शेयर बाजार में लगाने का आरोप

पेंशनर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनरों की पेंशन से होने वाली कटौती का पैसा अडाणी के शेयर मार्केट में लगा रही है, ताकि सरकार चलाने में उनकी हिस्सेदारी बनी रहे। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की राशि में कटौती करने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ दावा करती है कि उसके पास पैसों की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर पेंशन की राशि बढ़ाने के बजाय उसमें कटौती की जा रही है। पेंशनरों का कहना है कि उन्होंने सरकार की सेवा में वर्षों तक खून-पसीना बहाकर काम किया है, लेकिन इसके बावजूद उनकी पेंशन के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है।

मांगें नहीं मानी गईं तो दिल्ली में होगा बड़ा आंदोलन

सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि पेंशनरों की मांगों को लेकर सरकार के सामने आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। आने वाले दिनों में दिल्ली में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि सरकार का ध्यान पेंशनरों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार की आंखें खोलने के लिए पेंशनर संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने की तैयारी में है। उन्होंने पेंशनर साथियों से एकजुट होकर संघर्ष में शामिल होने का आह्वान किया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद मांगों पर गंभीरता नहीं

पेंशनर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पेंशनरों की जायज मांगों को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी सरकार को स्पष्ट अल्टीमेटम दे चुका है, इसके बावजूद केंद्र सरकार द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार जो कहती है, वह करती नहीं और जो करती है, उसके बारे में अलग बात कही जाती है। जब तक सरकार पेंशनरों की मांगों को गंभीरता से नहीं सुनेगी, तब तक संगठन आंदोलन जारी रखेगा।

इस अवसर पर दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में डॉ. यूसी शर्मा, डॉ. प्रदीप नरूला, डॉ. परस शर्मा, संघ के इंजीनियर सोहन डहरिया, संतोष राठौर, केके धवाईत सहित बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।

धारा 49-6 के तहत सुविधाओं का भी उल्लेख

पेंशनर संघ के प्रदेशाध्यक्ष आरके धवाईत ने कहा कि पेंशनर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी पेंशनरों के हक की लड़ाई के लिए हमेशा आगे रहे हैं। उनके अथक प्रयासों से राज्य में पेंशनरों को धारा 49-6 के तहत कई प्रकार की सुविधाएं मिली हैं।

उन्होंने कहा कि पेंशनरों के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और संगठन उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान जिले में नए पेंशनरों का स्वागत किया गया। साथ ही 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों का भी सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!