Advertisment
खेल

इंसान हूं, मुझसे भी गलतियां हुई होंगी: कोहली-रोहित संग रिश्तों पर गौतम गंभीर का बड़ा कबूलनामा

NTN NEWS REPORT// कोलकाता। भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पहली बार सार्वजनिक मंच से स्वीकार किया है कि दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ रिश्तों को वह शायद बेहतर तरीके से संभाल नहीं पाए। 16 मार्च को कोलकाता में आयोजित रेवस्पोर्ट्ज कॉन्क्लेव में बोलते हुए गंभीर ने माना कि पिछले डेढ़ साल में उनसे कुछ गलतियां हुई होंगी, लेकिन उनकी नीयत हमेशा सही रही है।

‘मैं इंसान हूं, मुझे भी गलती करने का हक है’

फाइल फोटो, सोर्स सोशल मीडिया

गंभीर ने साफ शब्दों में कहा, “मैं इंसान हूं और मुझे भी गलतियां करने की अनुमति होनी चाहिए। खिलाड़ियों को भी गलतियां करने का हक है। पिछले 18 महीनों में मुझसे भी गलतियां हुई होंगी और मैं इससे पीछे नहीं हटता।”

उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए नीयत सबसे अहम है। “सही नीयत से लिया गया गलत फैसला भी स्वीकार किया जा सकता है, लेकिन गलत नीयत से लिया गया फैसला ड्रेसिंग रूम में बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। जब तक मैं अपने ड्रेसिंग रूम के सामने ईमानदारी से खड़ा होकर उनकी आंखों में देखकर बात कर सकता हूं, तब तक मुझे लगता है कि मैं अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभा रहा हूं।”

कोच बनने के बाद बदला टीम का माहौल

गंभीर के कोच बनने के कुछ ही महीनों बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया। यह निर्णय बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आया। इसके अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी टीम को उम्मीद के विपरीत नतीजों का सामना करना पड़ा था।

इन नतीजों के बाद बीसीसीआई ने टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की और कुछ नए दिशा-निर्देश लागू किए। कोहली और रोहित के रेड बॉल क्रिकेट से हटने के बाद भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव का दौर शुरू हुआ और युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके दिए जाने लगे।

शुभमन गिल को मिली टेस्ट कप्तानी

टेस्ट टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई। गंभीर और गिल की जोड़ी के नेतृत्व में भारत ने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराई और वेस्टइंडीज को घरेलू सीरीज में हराया। हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम को करारी हार झेलनी पड़ी।

अब सिर्फ वनडे पर फोकस

विराट कोहली और रोहित शर्मा अब भारतीय टीम के लिए केवल वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं। दोनों की नजरें 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर टिकी हैं। हालांकि टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि वर्ल्ड कप टीम में किसी की जगह तय नहीं है और चयन पूरी तरह प्रदर्शन के आधार पर होगा।

गंभीर के बयान को भारतीय क्रिकेट में एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। यह पहली बार है जब उन्होंने खुले मंच से स्वीकार किया है कि कोचिंग कार्यकाल के दौरान उनसे भी चूक हुई हो सकती है, लेकिन टीम और ड्रेसिंग रूम के प्रति उनकी नीयत पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!