Advertisment
Advertisment
अपराधस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपी “ऑपरेशन तलाश” में गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की दबिश में घर से पकड़ा गया शंकर बरेठ, नाबालिग से छेड़खानी का मामला

NTN NEWS REPORT// रायगढ़, 6 मार्च। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शंकर बरेठ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।

मुखबिर सूचना पर बैकुंठपुर में दबिश, घर से गिरफ्तार

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपी शंकर बरेठ बैकुंठपुर क्षेत्र स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया।

मॉर्निंग वॉक के दौरान नाबालिग से छेड़खानी

मामले में एक स्थानीय नाबालिग बालिका ने 14 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वह अपनी सहेलियों के साथ प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक पर जाती थी। 10 नवंबर 2025 की सुबह वह अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इसी दौरान भूतबधन तालाब के पास आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की।

बालिका भय के कारण घटना के बारे में तुरंत अपने परिजनों को नहीं बता सकी। लेकिन 13 नवंबर को स्कूल से घर लौटते समय आरोपी ने दोबारा उसके साथ छेड़खानी की। इसके बाद बालिका ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 589/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(2), 75(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था।

आरोपी के खिलाफ पहले से भी दर्ज हैं अपराध

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शंकर बरेठ (23 वर्ष) निवासी बैकुंठपुर, राम मंदिर के पास थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में वर्ष 2024 में मारपीट का एक और वर्ष 2025 में मारपीट के दो अन्य मामले भी दर्ज हैं। इन मामलों में जारी वारंट के आधार पर भी पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना कोतवाली के प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, आरक्षक गोविंद पटेल, कमलेश यादव, भगवती रत्नाकर, हरेंद्र पाल जगत और आरक्षक वीरेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को खुले में घूमने नहीं दिया जाएगा और ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!