
सुविधायुक्त व पारदर्शी धान खरीदी से खुशहाल हुए किसान बद्दू राम — 14.80 क्विंटल धान बेचा, तुंहर टोकन एप से मिली बड़ी सुविधा
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 28 नवंबर 2025। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को आर्थिक संबल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी निरंतर जारी है। इसी क्रम में अकलतरा विकासखंड के ग्राम झलमला के किसान बद्दू राम आज धान खरीदी केंद्र पकरिया झूलन पहुंचे और 14.80 क्विंटल धान का विक्रय किया।
धान खरीदी केंद्र पहुँचते ही बद्दू राम ने केंद्र पर उपलब्ध उत्कृष्ट सुविधाओं को देखकर संतोष व्यक्त किया। केंद्र में किसानों के लिए छांव, पीने के पानी, बैठने की समुचित व्यवस्था, साफ-सुथरा प्रवेश मार्ग सहित सभी बुनियादी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध थीं। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन के माध्यम से उनके धान की खरीदी पूर्ण पारदर्शिता और तीव्र गति से की गई, जिससे वे केंद्र की व्यवस्थाओं से बेहद प्रभावित दिखे।
किसान बद्दू राम ने कहा कि 3100 रुपए प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य किसानों के लिए बेहद बड़ी सौगात सिद्ध हो रहा है। इससे न सिर्फ खेती के प्रति भरोसा बढ़ा है, बल्कि किसान आर्थिक रूप से भी और अधिक सशक्त हो रहे हैं।
उन्होंने शासन द्वारा प्रदान की गई तुंहर टोकन एप सुविधा की विशेष प्रशंसा की। बद्दू राम ने बताया कि इस सुविधा से किसानों को बार-बार खरीदी केंद्र नहीं जाना पड़ता। अब घर बैठे ही मोबाइल से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर लिया जाता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है।
प्रदेश सरकार के इन आधुनिक, पारदर्शी और किसान हितैषी सुधारों ने बद्दू राम जैसे हजारों किसानों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता लाकर उनकी मेहनत को वास्तविक सम्मान दिलाया है। किसान बद्दू राम ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।