Advertisment
ट्रेंडिंग/सोशल

सख्त छवि के पीछे भावुक दिल! टीचर को फूल देकर खुद कार चलाकर डिनर पर ले गए व्लादिमीर पुतिन!

NTN REPORT// व्लादिमीर पुतिन का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका बेहद भावुक और मानवीय अंदाज देखने को मिला. दुनिया के सबसे सख्त और ताकतवर नेताओं में गिने जाने वाले पुतिन इस बार किसी राजनीतिक मंच पर नहीं, बल्कि अपने शिक्षक के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताते नजर आए।

फाइल फोटो

रूस की सरकारी मीडिया द्वारा जारी वीडियो में पुतिन हाथ में फूलों का गुलदस्ता लेकर एक होटल पहुंचते दिखाई देते हैं, जहां वह अपनी पुरानी स्कूल टीचर वेरा गुरेविच से मुलाकात करते हैं. जैसे ही दोनों आमने-सामने आते हैं, पुतिन अपनी 88 वर्षीय रिटायर्ड टीचर को गले लगा लेते हैं. इस भावुक पल को देखकर वेरा गुरेविच की आंखें नम हो जाती हैं.

वीडियो में पुतिन का बेहद साधारण और सहज अंदाज भी चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने जींस और हल्की जैकेट पहन रखी थी, जिससे वह किसी आम पूर्व छात्र की तरह दिखाई दिए. मुलाकात के बाद पुतिन खुद अपनी लग्जरी कार ऑरस की ड्राइविंग सीट संभालते हैं और अपनी टीचर को मॉस्को की सड़कों से होते हुए डिनर के लिए क्रेमलिन लेकर जाते हैं.

बताया गया कि वेरा गुरेविच ने पुतिन को उनके बचपन में लेनिनग्राद, जिसे अब सैंट पिट्सबर्ग के नाम से जाना जाता है, स्थित स्कूल नंबर 193 में जर्मन भाषा पढ़ाई थी. पुतिन अपने छात्र जीवन में उनसे काफी प्रभावित रहे थे और वर्षों बाद भी उन्होंने अपने शिक्षक के प्रति वही सम्मान बनाए रखा.

जानकारी के मुताबिक पुतिन ने अपनी टीचर को विशेष रूप से रूस के विजय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए मॉस्को आमंत्रित किया था. रूस में हर साल यह दिवस द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर जीत की याद में मनाया जाता है. इस दौरान उनके लिए कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें मॉस्को के प्रमुख संग्रहालयों और ऐतिहासिक स्थलों की सैर शामिल रही.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, क्रेमलिन की ओर से टीचर के सम्मान में विशेष व्यवस्था की गई थी. हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि पुतिन ने खुद गाड़ी चलाकर अपनी टीचर को सम्मानपूर्वक डिनर पर ले जाने का फैसला किया.

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कई यूजर्स इसे गुरु-शिष्य संबंध का अनूठा उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सार्वजनिक छवि से जोड़कर भी देख रहे हैं. हालांकि अधिकांश लोगों ने पुतिन के इस व्यवहार को एक भावुक और मानवीय पहलू के रूप में सराहा है.

यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक तनाव के चलते पुतिन लगातार अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में बने हुए हैं. ऐसे माहौल में उनका यह व्यक्तिगत और संवेदनशील रूप लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है.

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!