Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपा

सामुदायिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल: पामगढ़ में सामुदायिक प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, 35 ग्राम संगठन सहायिकाओं का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 16 दिसम्बर 2025।
जिले में सामुदायिक सशक्तिकरण एवं क्षमता विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामुदायिक प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का शुभारंभ आज पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ज्ञान गंगा संकुल संगठन के कार्यालय परिसर, चंडीपारा में किया गया। प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण केंद्र के प्रथम चरण में विकासखंड पामगढ़ के अंतर्गत कार्यरत 35 ग्राम संगठन सहायिकाओं के लिए तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस प्रशिक्षण के माध्यम से ग्राम संगठन सहायिकाओं को प्रबंधन कौशल, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सहभागिता एवं संगठनात्मक दक्षता से संबंधित व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की जा रही है।

सामुदायिक प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से भविष्य में जिले के ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों, संकुल संगठनों एवं अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं को आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कार्मिकों की कार्यक्षमता, निर्णय लेने की क्षमता एवं नेतृत्व गुणों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में जिला एवं जनपद स्तर के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी एवं सामुदायिक संवर्गों की गरिमामय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान संगवारी जेंडर संसाधन केंद्र पामगढ़ द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत महिला हिंसा एवं उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज को सशक्त संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों से स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन कर सराहना की।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य, यशवंत साहू, विश्वनाथ प्रताप यादव, धनंजय सिंह ठाकुर, गुलाब सिंह चंदेल सहित जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सीईओ मणिशंकर कौशिक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!