
जांजगीर-चांपा में पृथक पर्यावरण कार्यालय की मांग तेज, प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी को सौंपा आवेदन
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले में बढ़ते औद्योगिक विस्तार और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत को देखते हुए स्थानीय स्तर पर पृथक पर्यावरण कार्यालय खोलने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में आज जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी से सौजन्य मुलाकात कर एक विस्तृत आवेदन सौंपा गया।
आवेदन में उल्लेख किया गया कि जांजगीर-चांपा जिला तेजी से औद्योगिक विकास की ओर अग्रसर है, जिसके चलते पर्यावरण से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। वर्तमान में पर्यावरण संबंधी मामलों के लिए बिलासपुर पर निर्भरता के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जिले में ही पृथक पर्यावरण कार्यालय स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े के साथ जिला प्रवक्ता विकास शर्मा भी उपस्थित रहे। विकास शर्मा ने कहा कि जांजगीर-चांपा एक औद्योगिक और कृषि प्रधान जिला है, जहां पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर कार्यालय खुलने से उद्योगों की निगरानी मजबूत होगी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
“पर्यावरण सुरक्षित होगा, तभी भविष्य सुरक्षित होगा।”