
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की सौजन्य भेंट
NTN REPORT// रायपुर ,17 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन में मिली सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रायपुर प्रेस क्लब जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी प्रतिबद्धता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ समाज के सामने लाता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया और सरकार के बीच सकारात्मक संवाद से समाज को सही दिशा मिलती है और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचती है। उन्होंने प्रेस क्लब के माध्यम से पत्रकारों के हित में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
इस सौजन्य मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा सहित रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुलाकात में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े शामिल थे।