Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

कांग्रेस जनता और व्यापारियों को भ्रमित करने में जुटी, पीएम मोदी के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया : भाजपा

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वह प्रधानमंत्री के वक्तव्य को गलत तरीके से प्रस्तुत कर जनता और व्यापारियों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। भाजपा प्रवक्ता विकास शर्मा ने प्रेस बयान जारी करते हुए कांग्रेस के प्रदर्शन को “हताशा और मुद्दाविहीन राजनीति” करार दिया है।भाजपा प्रवक्ता विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा सराफा व्यापारियों के बीच जाकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा की तरह तथ्यों को नजरअंदाज कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को आर्थिक रूप से जागरूक करने, जिम्मेदार निवेश की सोच विकसित करने और अनावश्यक खर्च से बचने की सलाह दी थी। लेकिन कांग्रेस ने इस बयान को तोड़-मरोड़कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया है। भाजपा का कहना है कि देश की जनता अब कांग्रेस की “भ्रम फैलाने वाली राजनीति” को अच्छी तरह समझ चुकी है।

केंद्र सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

भाजपा ने अपने बयान में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया। विकास शर्मा ने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार के नेतृत्व में गरीबों को मुफ्त राशन, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों के लिए टैक्स प्रणाली को सरल बनाया गया है और भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत आर्थिक स्थिति के साथ आगे बढ़ रहा है।

कांग्रेस के शासनकाल पर भी साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को महंगाई और बेरोजगारी पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल को याद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान देश में भ्रष्टाचार, घोटाले, नीति पक्षाघात और आर्थिक अस्थिरता चरम पर थी।

छत्तीसगढ़ की पूर्व कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और प्रशासनिक अव्यवस्था को करीब से देखा है।

व्यापारियों के हित में हमेशा साथ रहने का दावा

भाजपा ने कहा कि सराफा व्यापार देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और भारतीय जनता पार्टी हमेशा व्यापारियों एवं आम जनता के हितों के साथ खड़ी रही है। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस व्यापारियों को केवल राजनीतिक मोहरा बनाकर अपना अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा ने कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने के बजाय उसे अपने संगठन की गिरती स्थिति पर चिंतन करना चाहिए। पार्टी ने दोहराया कि भाजपा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ लगातार कार्य करती रहेगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!