Advertisment
अन्य खबरेंजांजगीर-चांपा

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक, अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित होने के दिए कड़े निर्देश , क्या अप-डाउन में नौकरी करने वाले अधिकारी कर्मचारी कलेक्टर के आदेश की रख पाएंगे लाज ?

जांजगीर-चांपा 14 मई 2025// कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन में प्राप्त मांग एवं शिकायतों पर विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश भी दिए है। अब यहां पर सबसे महत्वपूर्ण बात यह होगी कि कलेक्टर के आदेश का पालन ऐसे अधिकारी जिनकी नौकरी केवल अप डाउन के भरोसे चल रही है क्या वे इस आदेश का पालन कर पाएंगे? क्या ऐसे अधिकारी और कर्मचारी कलेक्टर के आदेश की लाज रख पाएंगे ? खैर ये तो आने वाला समय ही बताएगा, फिलहाल कलेक्टर महोबे की यह पहल निश्चित ही सराहनीय है।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हर घर जल योजना के कार्यों की समीक्षा की और प्रगतिरत कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश। उन्होंने सीईओ, सीएमओ को निर्देशित कर कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस के तहत जिला टास्क फोर्स के माध्यम से कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस, राजस्व एवं माईनिंग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार समय सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने महतारी वंदन योजना सहित सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं में शत प्रतिशत ई-केवाईसी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर महोबे ने खरीफ फसल के दृष्टिगत जिले में खाद-बीज के भंडारण और किसानों को किए जा रहे वितरण की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने किसानों के लिए डीएपी खाद की कमी की आपूर्ति हेतु इसकी जगह यूरिया, सुपर फास्फेट, पोटाश की संतुलित मात्रा या एनपीके मिश्रित खाद का उपयोग करने किसानों में जन जागरूकता लाने और प्रोत्साहित करने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए।

कलेक्टर ने पीडबल्यूडी विभाग अंतर्गत सड़क निर्माण से संबंधित विषयों की पूर्व बैठक में दिये गये निर्देशानुसार अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ई-डिस्ट्रीक्ट (लोक सेवा गांरटी) अंतर्गत प्राप्त ऑनलाईन आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महाप्रबंधक उद्योग एवं जिला अग्निशमन अधिकारी को जिले में संचालित बड़े उद्योगों में डिजास्टर मैनेजमेंट प्लांट तैयार करने कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत सिकल सेल प्रभावितों का सर्वे कर चिन्हांकन की प्रगति व जनजागरूकता लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने वय वंदन योजना अंतर्गत प्रगति की जानकारी ली तथा जिले में शेष बचे 10 प्रतिशत हितग्राहियों का सर्वे कर आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए है। उन्होंने केसीसी, डिस्ट्रिक्ट प्लान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, राजस्व प्रकरणों, समाधान शिविर सहित अन्य विषयों पर समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!