
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुना केंद्रीय बजट 2026–27 का भाषण, बताया ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी
NTN NEWS REPORT// रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे भाजपा प्रदेश कार्यालय, रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 के भाषण का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कर्तव्य भवन में तैयार किया गया पहला केंद्रीय बजट है, जो अपने आप में एक नई परंपरा और नए भारत की सोच को दर्शाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट जन-आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाला है, जिसमें सार्वजनिक निवेश को बढ़ावा देने, वित्तीय तंत्र को मजबूत करने, कृषि और ग्रामीण सशक्तिकरण, उद्योगों के विकास तथा रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, अवसर और मजबूत आधारभूत संरचना मिलेगी, तब विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक समान रूप से पहुंचेगा।
छत्तीसगढ़ को मिलेंगी विकास की नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ जैसे विकासशील राज्यों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। बजट के माध्यम से राज्य में अधोसंरचना विकास, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व और दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 7 प्रतिशत की दर से सतत प्रगति कर रही है। “सबका साथ, सबका विकास” की भावना से तैयार यह बजट आयुष, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, जलमार्ग, हाई-स्पीड रेल, मेडिकल टूरिज्म, बायोफार्मा निवेश तथा शहरी और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विस्तार को नई गति देगा।
समावेशी विकास की दिशा में मजबूत कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा और भारत को आत्मनिर्भर तथा समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में सशक्त कदम साबित होगा।
प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट ऐतिहासिक, विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी है, जो देश और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा।